Bangladesh Violence:बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के गृहनगर गोपालगंज में रविवार को हिंसा भड़क गई। सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की बख्तरबंद गाड़ी में आग लगा दी और पुलिस चौकी में तोड़फोड़ की। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़कर कई सड़कों पर कब्जा कर लिया। इस दौरान 5 अगस्त 2024 को हसीना सरकार गिरने की याद में बनाया गया स्मारक भी तोड़ दिया गया।

गोपालगंज में प्रदर्शनकारियों का हमला
गोपालगंज को शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग का मजबूत गढ़ माना जाता है। प्रदर्शनकारियों के हाथों में तलवारें और भाले भी थे। हिंसा के बाद जिले के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को पद से हटा दिया गया। इलाके में पुलिस और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश के जवान तैनात किए गए हैं।
दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की तैयारी
79 साल की शेख हसीना जुलाई से कई बार दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की बात कह चुकी हैं। अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद सरकार गिरने पर वे भारत आ गई थीं। नवंबर 2025 में अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई के मामले में उन्हें दोषी ठहराया था। कोर्ट ने उनकी गैरमौजूदगी में मानवता के खिलाफ अपराधों के लिए मौत की सजा सुनाई थी। हसीना ने आरोपों और मुकदमे को मानने से इनकार किया है।
भारत से हसीना की वापसी की मांग
बांग्लादेश सरकार भारत से शेख हसीना को वापस भेजने की मांग कर रही है। इसके लिए दोनों देशों की प्रत्यर्पण संधि का हवाला दिया जा रहा है। कानून मंत्री मो. असदुज्जमान ने शनिवार को कहा कि हसीना को वापस लाने की कानूनी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब भारत को फैसला करना है। भारत ने प्रत्यर्पण की मांग मिलने की पुष्टि की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को कहा था कि यह कानूनी मामला है और कानून के हिसाब से फैसला होगा।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने कहा कि पुलिस और दूसरी सुरक्षा एजेंसियां हिंसा रोकने के लिए तैयार हैं। गोपालगंज में दंगा रोकने वाली पुलिस के साथ BGB के जवान भी तैनात किए गए हैं। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुई।
प्रधानमंत्री ने बुलाई कैबिनेट बैठक
हिंसा के बाद रविवार को प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने कैबिनेट बैठक बुलाई और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। अखबार प्रोथोम आलो के मुताबिक, BNP नेताओं ने बताया कि तारिक रहमान ने पार्टी कार्यकर्ताओं को इलाके में सक्रिय रहने को कहा है। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी के मुताबिक, सरकार हालात बिगड़ने नहीं देगी।