Yogi Vs Akhilesh: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड महोत्सव में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। अखिलेश के ‘घुसपैठियों’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए सीएम योगी ने कहा, “अगर उत्तराखंड की बेटी नहीं आई होती तो आज वे सैफई में भैंस चरा रहे होते। उन्होंने उत्तराखंड और उसकी देवभूमि पर उंगली उठाने को छोटी सोच बताया।

‘उत्तराखंड की बेटी न आई होती तो भैंस चरा रहे होते’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ दिन पहले कुछ लोग बोल रहे थे कि उत्तराखंड से कुछ घुसपैठिये उत्तर प्रदेश आ गए हैं। अरे, अगर उत्तराखंड की बेटी नहीं आई होती तो आज वे सैफई में भैंस चरा रहे होते।
यूपी में आबादी 25 करोड़ से ज्यादा, चुनौतियां भी बड़ी
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की आबादी 25 करोड़ से ज्यादा है। राज्य बड़ा है, इसलिए यहां चुनौतियां भी बड़ी हैं। हमने उत्तराखंड का पानी पिया है और वहां का अन्न खाया है। चुनौतियों को स्वीकार करना हमारे जींस का हिस्सा है।
देवभूमि पर उंगली उठाना छोटी सोच
सीएम योगी ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने हमेशा देश की सेवा को प्राथमिकता दी है। वहां के लगभग हर परिवार का एक सदस्य सेना में जरूर काम करता है। ऐसे में उत्तराखंड और उसकी देवभूमि पर उंगली उठाना छोटी सोच रखने वाले लोगों की मानसिकता दिखाता है।
‘बातों और व्यवहार में दिखती है छोटी सोच’
मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटी सोच वाले लोगों की मानसिकता उनकी बातों और व्यवहार में सामने आ जाती है। जब ऐसे लोग ऊंचे पदों पर पहुंच जाते हैं, तब भी उनका व्यवहार इसी सोच को दिखाता है। जनता ऐसे लोगों को बारबार ठुकराती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड से आने वालों को घुसपैठिया बताने वालों को यह भी याद रखना चाहिए कि उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री भी उत्तराखंड से थे।
उत्तराखंड की हैं अखिलेश की पत्नी डिंपल यादव
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले की रहने वाली हैं। इसलिए सीएम योगी ने अखिलेश पर तंज कसा।
अखिलेश यादव ने क्या कहा था ?
कुछ दिनों पहले सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने लखनऊ में बयान दिया था कि उत्तर प्रदेश में ज्यादातर घुसपैठिये उत्तराखंड से हैं। माना गया था कि उनका यह तंज मुख्य रूप से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरफ था, जो मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले हैं। अखिलेश ने ये बयान उस समय दिया था, जब बीजेपी घुसपैठ को लेकर आरोप लगा रही थी। उनके इस बयान के बाद सियासी विवाद शुरू हो गया था।