Hardoi Ganga Expressway Accident: उत्तर प्रदेश के हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक बेकाबू SUV डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में नोएडा की IT कंपनी के वाइस चेयरमैन सौरभ उपाध्याय, उनकी पत्नी और दो बेटों की मौत हो गई। परिवार भाई दूज और छठ मनाने के लिए प्रयागराज जा रहा था।

भटौली माफी गांव के पास हादसा
सौरभ उपाध्याय नोएडा में कार्यरत थे। वह प्रयागराज के EWS आवास, नीम सराय मुंडेरा के रहने वाले थे। बुधवार सुबह वह पत्नी मेनका उपाध्याय और दो बेटों व्योम और शिव ओम के साथ प्रयागराज जा रहे थे। दोपहर करीब एक बजे उनकी SUV गंगा एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 317 के पास हरदोई के सांडी थाना क्षेत्र में बेकाबू हो गई। भटौली माफी गांव के पास कार डिवाइडर से टकरा गई और करीब 30 मीटर तक उस पर दौड़ती रही।
मौके पर 3 की मौत, अस्पताल में बच्चे ने तोड़ा दम
हादसे की सूचना मिलते ही सांडी, बिलग्राम और हरपालपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। सौरभ, उनकी पत्नी मेनका और बड़े बेटे व्योम की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने तीनों के शव कार से बाहर निकाले। वहीं, घायल छोटे बेटे शिव ओम को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार में इकलौते बेटे थे सौरभ
सौरभ के बहनोई शिशिर उपाध्याय ने बताया कि सौरभ अपने परिवार में इकलौते थे। उनके परिवार में पिता जय गोविंद उपाध्याय और दो छोटी बहनें हैं। दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। मेनका मूल रूप से गाजीपुर की रहने वाली थीं। उनके मायके के लोग फिलहाल लखनऊ के गोमती नगर में रहते हैं। मेनका अपने मातापिता की इकलौती बेटी थीं। उनका एक छोटा भाई है।
2024 में मेनका ने छोड़ दी थी नौकरी
साल 2018 में सौरभ और मेनका की शादी हुई थी। मेनका भी नोएडा की एक कंपनी में मैनेजर थीं। छोटे बेटे शिव ओम के जन्म से पहले उन्होंने 2024 में नौकरी छोड़ दी थी। इस हादसे में पूरा परिवार खत्म हो गया।