Lucknow Toe to Thumb Transfer:लखनऊ के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान के डॉक्टरों ने चिकित्सा क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। संस्थान के प्लास्टिक सर्जरी विभाग के चिकित्सकों ने 19 वर्षीय युवक के बाएं पैर का अंगूठा उसके दाहिने हाथ में प्रत्यारोपित कर दिया। करीब 10 घंटे चली जटिल माइक्रो सर्जरी सफल रही। संस्थान में पहली बार इस तरह का ऑपरेशन किया गया है। इस प्रक्रिया को ‘ग्रेट टो टू थंब ट्रांसफर’ कहा जाता है।

सड़क हादसे में गंवाया था अंगूठा
19 वर्षीय युवक का 17 मार्च 2026 को सड़क हादसा हुआ था। इस दुर्घटना में उसके दाहिने हाथ का अंगूठा कट गया था और हाथ की दोनों हड्डियां भी टूट गई थीं। दूसरे अस्पताल में इलाज के दौरान हड्डियों को जोड़ने और अंगूठे के कटे हिस्से को बंद करने की सर्जरी हुई, लेकिन युवक हाथ से सामान्य काम नहीं कर पा रहा था। इसके बाद वह इलाज के लिए SGPGI पहुंचा।
पैर के अंगूठे को छोटा करके लगाया
डॉक्टरों ने युवक और उसके परिवार की काउंसलिंग के बाद बाएं पैर के अंगूठे को छोटा करके दाहिने हाथ में लगाने का फैसला किया। डॉक्टरों के मुताबिक हाथ से होने वाले कुल कामों में अंगूठे की भूमिका करीब 40 प्रतिशत होती है। किसी चीज को पकड़ने और रोजमर्रा के काम करने में अंगूठा महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
दो टीमों ने मिलकर किया ऑपरेशन
यह सर्जरी 30 सितंबर 2026 को जनरल एनेस्थीसिया देकर की गई। करीब 10 घंटे तक चले ऑपरेशन में दो मेडिकल टीमों ने एक साथ काम किया। एक टीम ने हाथ में अंगूठा लगाने के लिए जगह तैयार की, जबकि दूसरी टीम ने पैर के अंगूठे को उसकी धमनी, नसों और टेंडन के साथ सावधानी से अलग किया। इसके बाद पैर के अंगूठे को हाथ की बची हुई हड्डी से जोड़ा गया। माइक्रो सर्जरी की मदद से रक्त वाहिकाओं और नसों को जोड़ा गया, जिससे अंगूठे में रक्त का प्रवाह दोबारा शुरू हो सका।
अब सामान्य रूप से चल पा रहा युवक
ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने प्रत्यारोपित अंगूठे और उसमें होने वाले रक्त प्रवाह की लगातार निगरानी की। फिलहाल नया अंगूठा ठीक से काम कर रहा है और युवक के हाथ के पंजे की ताकत भी लौट आई है। उसके पैर की उंगलियां भी सामान्य रूप से काम कर रही हैं। युवक बिना किसी सहारे के चल पा रहा है और उसे अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। SGPGI के निदेशक डॉ. आरके धीमन ने इस सफलता पर पूरी मेडिकल टीम को बधाई दी। उन्होंने इसे संस्थान में समर्पित हैंड ट्रांसप्लांट यूनिट स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।