उत्तर प्रदेश के रामपुर में साल 200708 में हुए आतंकी हमले में बरी मोहम्मद शरीफ की हत्या को लेकर कई सवाल उठे हैं. यह वारदात रामपुर के खजूरिया थाने के बाहर और पुलिस की मौजूदगी में हुई है. वारदात के वक्त शरीफ का बेटा भी मौके पर ही था. न तो पुलिस आधिकारिक तौर पर हमलावरों की पहचान बता रही है, और न ही शरीफ का बेटा ही कुछ कहने को तैयार है. हालांकि इस पूरी वारदात की अलग ही कहानी पुलिस महकमे में तैर रही है.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक मोहम्मद शरीफ की हत्या तो दो महीने पहले ही होने वाली थी. इसके लिए शरीफ के ‘दुश्मनों’ ने तैयारी भी कर ली थी, लेकिन किसी कारणवश वह वारदात को अंजाम नहीं दे सके. फिर मंगलवार को जब पुलिस ने मंथली हाजिरी के लिए शरीफ को थाने में तलब किया तो अचानक से बाइक सवार दो हमलावर थाने के बाहर पहुंच गए और जैसे ही अपराध रजिस्टर पर साइन कर शरीफ थाने से बाहर निकला, गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई.
कौन है शरीफ का दुश्मन?
शरीफ का शव लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे शरीफ के परिजनों ने इस वारदात के लिए किसी के ऊपर शंका जाहिर नहीं की है. कहा कि जेल से बाहर आने के बाद शरीफ की बातचीत बहुत कम लोगों से थी. बीते सात महीने में उसका किसी से झगड़ा तो दूर, कहासुनी भी नहीं हुई. वहीं पुलिस ने आधिकारिक तौर पर कुछ भी बोलने से बच रही है. हालांकि पुलिस सूत्रों का कहना है कि शरीफ के बहुत दुश्मन थे. उसे हाईकोर्ट ने भले ही बरी कर दिया हो, लेकिन कई लोग उसे अभी आतंकी ही मान रहे थे.
अंधाधुंध हुई फायरिंग
पुलिस सूत्रों के मुताबिक मोहम्मद शरीफ अभी थाने से बाहर निकला ही था कि अचानक उसके ऊपर अंधाधुंध फायरिंग हुई. यह फायरिंग ठीक वैसी ही थी, जैसी साल 2007 की 31 दिसंबर को सीआरपीएफ कैंप पर हुई थी. माना जा रहा है कि बाइक सवार हमलावरों को शरीफ की पूरी लाइन लेंथ पहले से पता थी. उन्हें यह भी पता था कि किस एंगल से गोली चलानी है और वारदात के बाद किधर भागना है.
आतंकी हमले में दोष सिद्ध हुआ था शरीफ
रामपुर के खजुरिया स्थित सीआरपीएफ कैंप में AK56 और ग्रेनेड से आतंकी हमले में पनवड़िया के रहने वाले मोहम्मद शरीफ को जिला अदालत में 2 नवंबर 2019 को दोषी करार दिया गया था. इस वारदात में सीआरपीएफ के सात जवान और एक रिक्शा चालक की मौत हो गई थी. इस मामले में सजा होने के बाद शरीफ और उसके साथी हाईकोर्ट चले गए थे, जहां से इन्हें सबूतों के अभाव में 29 अक्टूबर 2025 को बरी कर दिया गया. इस फैसले के खिलाफ उत्तर प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में अपील दाखिल की है, जिसपर फैसला आना बाकी है.
7 महीने पहले जेल से बाहर आया
हाईकोर्ट से बरी होने के बाद सात महीने पहले ही मोहम्मद शरीफ शर्तों के साथ जेल से बाहर आया था. शर्त के मुताबिक उसे हर महीने थाने में आकर हाजिरी देनी होती थी और उसे पूरे महीने की गतिविधियां बताना होता था. मंगलवार को भी वह खजुरिया थाने में हाजिरी देने पहुंचा था, जहां उसे गोली मारकर हत्या की गई. फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीमें मामले की जांच कर रही हैं.