: महाराष्ट्र के रत्नागिरी शहर में बुधवार की सुबह बड़ा अग्निकांड हो गया। के.सी. जैन नगर में मारुति मंदिर के पास स्थित श्री महालक्ष्मी मिनी मॉल में तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे मॉल को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में मॉल के अंदर रखा लाखोंकरोड़ों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। आसपास की दुकानों को भी नुकसान पहुंचने की खबर है।

दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
आग लगने की सूचना मिलते ही रत्नागिरी नगर परिषद के दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की 4 से 5 गाड़ियों को लगाया गया। हालांकि, पानी की कमी के कारण शुरुआती दौर में आग बुझाने के काम में कुछ परेशानियां आईं। इसके बाद फिनोलेक्स कंपनी की दमकल गाड़ी को भी मौके पर बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की। आग इतनी भीषण थी कि मॉल के अंदर रखा सामान पूरी तरह जल गया और इमारत को भी भारी नुकसान पहुंचा।
ये भी पढ़ें:
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इस अग्निकांड में किसी के हताहत होने या घायल होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
ये भी पढ़ें: