Bengaluru Murder Case: बेंगलुरु में 7 लोगों की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने अलगअलग जगहों पर फेंके गए सभी सात शव बरामद कर लिए हैं. इस बीच मुख्य आरोपी इंदुशेखर की साजिश से जुड़े कई नए खुलासे भी हुए हैं. जांच में पता चला है कि आरोपी ने हत्या के बाद शवों को ठिकाने लगाने और घर में खून के निशान मिटाने के लिए पहले से तैयारी कर रखी थी. उसने इसके लिए बोरी, प्लास्टिक, टेप और केमिकल जैसी चीजें खरीदी थीं. वहीं आरोपी की गतिविधियों का पता लगाने के लिए पुलिस 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.

3 पहाड़ियों और घाटियों में फेंके गए थे शव
पुलिस के मुताबिक, आरोपी इंदुशेखर ने सातों लोगों की हत्या करने के बाद उनके शव अलगअलग जगहों पर फेंक दिए थे. उसने शवों को एक जगह रखने के बजाय अलगअलग इलाकों में ठिकाने लगाया, ताकि पुलिस को जांच में परेशानी हो. पुनीत का शव नंदी हिल्स में मिला था, जबकि सुनीता और रूपवती के शव तमिलनाडु के एयरकोड में फेंके गए थे. इसी तरह शिवकुमार और उनकी पत्नी दिव्या के शव मैसूर की चामुंडी पहाड़ियों में मिले. वहीं शंकर और नलिनी के शव हसन जिले के शिराडी घाट से बरामद किए गए.
सकलेशपुर पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शिराडी घाट में तलाशी अभियान चलाया और दोनों शव बरामद किए. इससे पहले रविवार को चामुंडी पहाड़ियों की तलहटी में शिवकुमार और दिव्या के शव मिले थे. आरोपी ने दोनों के शव मुख्य सड़क के किनारे एक गड्ढे में फेंके थे. बताया जा रहा कि उसने पहले ही ऐसी जगह चुन ली थी, जहां से शवों को ठिकाने लगाकर आसानी से फरार हुआ जा सके.
हत्या के बाद सबूत मिटाने की थी तैयारी
जांच में एक और अहम बात सामने आई है. आरोपी ने हत्या के बाद शवों को ठिकाने लगाने और घर में मौजूद सबूत मिटाने के लिए कई चीजें पहले से खरीद रखी थीं. उसने शवों को बोरियों में भरने के लिए बोरी, प्लास्टिक और टेप का इस्तेमाल किया था. वहीं घर के अंदर खून के निशान साफ करने के लिए केमिकल का इस्तेमाल किया गया. पुलिस को पता चला कि आरोपी ने इनमें से कुछ सामान अपने घर के आसपास की दुकानों से खरीदा था. जो चीजें आसपास नहीं मिलीं, उन्हें खरीदने के लिए वह दूसरे इलाकों में भी गया था. पुलिस अब इन खरीदारी से जुड़े सुरागों की भी जांच कर रही है.
200 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली
आरोपी की गतिविधियों और शवों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस ने बड़े स्तर पर जांच शुरू की है. 14 अक्टूबर से 3 नवंबर तक की सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा की जा रही है. इसके लिए घर के आसपास की दुकानों, प्रमुख चौराहों, सड़कों और टोल गेटों पर लगे 200 से ज्यादा कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गई है.
हालांकि इस दौरान पुलिस को तकनीकी परेशानी का सामना भी करना पड़ा. कई कैमरों में पुरानी फुटेज का बैकअप डिलीट हो चुका है. खासतौर पर 24 अक्टूबर से पहले की रिकॉर्डिंग ठीक से नहीं मिल पा रही है. ऐसे में पुलिस आरोपी के आनेजाने वाले रास्तों और संभावित ठिकानों के आसपास लगे दूसरे कैमरों की मदद से सबूत जुटा रही है.
3 मृतकों का किया गया अंतिम संस्कार
इस सनसनीखेज हत्याकांड से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है. परिवार ने सुनीता, उनकी मां रूपवती और बेटे पुनीत का अंतिम संस्कार बेंगलुरु के श्रीरामपुर में कर दिया है. बाकी मृतकों के परिजन भी इस घटना से सदमे में हैं. करीब 20 दिनों के अंतराल में सात लोगों की हत्या और फिर उनके शवों को अलगअलग जगहों पर फेंकने के इस मामले ने पूरे इलाके को दहला दिया है. पुलिस ने सभी सात शव बरामद कर लिए हैं, लेकिन हत्या के पीछे की पूरी वजह और आरोपी की साजिश से जुड़े कई सवालों के जवाब अभी मिलने बाकी हैं. पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है.