धनतेरस से लेकर दिवाली तक देश के बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी है. इस त्योहारी खरीदारी ने व्यापार जगत में नया जोश भर दिया है. व्यापारियों के संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के आकलन के मुताबिक शनिवार तक देशभर में दिवाली से जुड़ा कारोबार 6 लाख करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है. बाजार में ग्राहकों की भारी भीड़ और खरीदारी के रुझान को देखते हुए दिवाली तक कुल कारोबार 7 लाख करोड़ रुपये के पार जाने का अनुमान जताया गया है. कैट के महासचिव व सांसद प्रवीण खंडेलवाल के मुताबिक इस बार खरीदारी को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह रहा. इसी वजह से अकेले राजधानी दिल्ली में ही शनिवार तक दिवाली सीजन का कारोबार 1 लाख करोड़ रुपये के पार निकल गया है.

सोनेचांदी से लेकर गाड़ियों तक की खूब हुई बिक्री
इस बार त्योहारी सीजन में लगभग हर तरह के सामानों की अच्छी मांग देखने को मिली. धनतेरस के दिन से ही सोनेचांदी के गहनों की जमकर खरीदारी हुई. इसके अलावा मोबाइल फोन, एलईडी टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एसी जैसे इलेक्ट्रॉनिक सामानों को खरीदने के लिए भी दुकानों पर भीड़ रही. कपड़ों के बाजार में साड़ी, सूट, कुर्ता, बच्चों के रेडीमेड कपड़े, पारंपरिक पहनावे खूब बिके. गाड़ियों के बाजार में भी तेजी दर्ज की गई, जहां लोगों ने कार, दोपहिया वाहन, कमर्शियल गाड़ियों की खरीदारी की. साथ ही पूजा का सामान, लक्ष्मीगणेश की मूर्तियां, मिट्टी के दीये, मिठाइयों की बिक्री भी ऊंचे स्तर पर रही.
छोटे कामगारों को मिला फायदा
इस दिवाली बाजार की सबसे खास बात भारतीय सामानों के प्रति लोगों का बढ़ता भरोसा रहा. प्रवीण खंडेलवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ व ‘आत्मनिर्भर भारत’ की अपील का सीधा असर ग्राहकों की खरीदारी पर दिखा है. लोगों ने खादी, हैंडलूम, स्थानीय कारीगरों, महिला स्वयं सहायता समूहों के बनाए सजावटी सामानों को खूब खरीदा. इस बंपर बिक्री का सीधा फायदा सिर्फ बड़े दुकानदारों को ही नहीं मिला है. रेहड़ीपटरी वालों, दिहाड़ी मजदूरों, छोटे उद्योगों, महिला उद्यमियों, ट्रांसपोर्टरों, पैकेजिंग से लेकर डिलीवरी सर्विस से जुड़े लाखों लोगों की भी अच्छी कमाई हुई है. स्थानीय निर्माताओं, छोटे उद्योगों को ग्राहकों का पूरा साथ मिला है.
प्रदर्शनों के नुकसान से उबरा दिल्ली का बाजार
दिल्ली में 1 लाख करोड़ रुपये की बिक्री पार होने से स्थानीय व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है. प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि पिछले एक महीने के दौरान राजधानी में हुए धरनाप्रदर्शनों, 1 नवंबर को हुई विपक्ष की रैली की वजह से दिल्ली के व्यापार को कथित तौर पर काफी नुकसान हुआ था. लेकिन दिवाली सीजन की इस खरीदारी ने बाजार के कामकाज को फिर से रफ्तार दे दी है. इससे करोड़ों दुकानदारों, छोटे व्यापारियों, दिहाड़ी कामगारों को सीधा फायदा पहुंचा है. खंडेलवाल ने ये भी साफ किया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक अधिकार है. लेकिन राजनीतिक कार्यक्रमों की वजह से आम लोगों के आनेजाने, व्यापारियों के कामधंधे या लाखों परिवारों की रोजाना की कमाई पर बुरा असर नहीं पड़ना चाहिए. कैट ने दिल्ली के व्यापारियों की तरफ से राजधानी के लोगों का इस उत्साह से खरीदारी करने के लिए आभार भी जताया है.