Odisha Landslide:ओडिशा के गंजाम जिले में भूस्खलन से बड़ा हादसा हो गया। घिड़ीपाबली गांव में पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण कई घर दब गए। हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है, जबकि 6 लोग अब भी लापता हैं। गुरुवार को तलाशी अभियान के दौरान पांच और शव बरामद किए गए। मृतकों में एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल हैं, जिनमें तीन छोटे बच्चे भी हैं। यह हादसा 28 अक्टूबर को चक्रवात अर्नब के बाद आई बाढ़ और भूस्खलन के दौरान हुआ था।

तड़के 3 बजे गांव में आया भूस्खलन
प्रशासन के मुताबिक, 28 अक्टूबर की सुबह करीब 3 बजे गंजाम और कंधमाल जिले की सीमा के पास भंजनगर ब्लॉक के घिड़ीपाबली गांव में भूस्खलन हुआ। उस समय गांव के लोग अपने घरों में सो रहे थे। पहाड़ी से चट्टानें, मिट्टी और पेड़ नीचे आ गिरे। जिसकी चपेट में आकर गांव के कई घर मलबे में दब गए। पहाड़ी से पानी भी तेजी से नीचे आया। इस दौरान 13 लोग किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे।
एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
हादसे में बरामद पांचों शव एक ही परिवार के सदस्यों के हैं। इनमें 25 वर्षीय बिजया प्रधान, उनकी 27 वर्षीय पत्नी भूमिका और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। बच्चों में सात साल का अरुणा, छह साल की बिजयालक्ष्मी और एक साल की बागरी शामिल हैं। परिवार के लोगों ने घटनास्थल पर ही अंतिम संस्कार करने का फैसला किया। प्रशासन ने उनकी इच्छा के अनुसार अंतिम संस्कार में मदद की।
छह लोग अब भी लापता
भूस्खलन के बाद से बचाव अभियान जारी है। खराब मौसम के कारण बुधवार को अभियान रोकना पड़ा था, जिसे दोबारा शुरू किया गया। ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, अग्निशमन सेवा और रेलवे की टीमें तलाशी में जुटी हैं। अब तक सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि छह लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
गांव लौटने से डर रहे बचे हुए लोग
गांव में बचे लोगों को कंधमाल जिले के किलापंगा प्राथमिक विद्यालय में बनाए गए राहत शिविर में रखा गया है। हादसे में अपने पति और रिश्तेदारों को खोने वाली 26 वर्षीय रिनीमा मलिक अब गांव वापस नहीं जाना चाहतीं। उनके दो बच्चे हैं। उन्होंने सरकार से गांव से बाहर रहने और बच्चों के पालनपोषण के लिए पुनर्वास की मांग की है। आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि सरकार प्रभावित लोगों को घर उपलब्ध कराएगी और उनका पुनर्वास करेगी।
केंद्र से मांगी 2,526 करोड़ की मदद
चक्रवात, बाढ़ और भूस्खलन से ओडिशा में कुल 11 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें गंजाम के अलावा कंधमाल और गजपति जिले में हुई मौतें भी शामिल हैं। ओडिशा सरकार ने केंद्र से राहत के लिए 2,526 करोड़ रुपए की सहायता ( मांगी है। इसके साथ ही स्थायी आपदा प्रबंधन व्यवस्था के लिए 10,000 करोड़ रुपए का विशेष पैकेज भी मांगा है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को जरूरी मुआवजा देने की बात कही है।