Hapur Food Department Action: दीपावली के त्योहार से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश के हापुड़ में विभाग की टीम ने दो अलगअलग जगहों पर छापेमारी कर करीब 12 कुंतल मिलावटी पनीर और 16 कुंतल नकली खोया बरामद किया।

जांच के दौरान दोनों खाद्य पदार्थ खाने योग्य नहीं पाए गए। इसके बाद विभाग ने जेसीबी की मदद से गड्ढे खुदवाकर करीब 28 कुंतल मिलावटी पनीर और खोये को नष्ट करा दिया।
NH9 पर गाड़ी से पकड़ा 12 कुंतल मिलावटी पनीर?
खाद्य विभाग की टीम ने सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में NH9 स्थित छिजारसी टोल प्लाजा पर एक बोलेरो पिकअप गाड़ी को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान गाड़ी से करीब 12 कुंतल मिलावटी पनीर बरामद हुआ।
पनीर को गंदे केमिकल वाले ड्रमों में रखा गया था। उसे बिना बर्फ के अस्वच्छ परिस्थितियों में गंदे तिरपाल से ढककर ले जाया जा रहा था। पनीर से खट्टेपन के साथ तेज बदबू भी आ रही थी। शुरुआती जांच में पनीर खाने योग्य नहीं पाया गया। बताया गया कि इसे अमरोहा से दिल्ली में बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था। बरामद पनीर की कीमत 4 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। टीम ने जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर पूरे पनीर को नष्ट करा दिया।
लालपुर में नकली खोये की फैक्ट्री का खुलासा?
वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग ने लालपुर गांव में भी छापेमारी कर नकली खोया बनाने के मामले का खुलासा किया। खाद्य उपायुक्त चंद्रशेखर मिश्र के मुताबिक, विभाग को गांव में मिलावटी खोया तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो वहां करीब 16 क्विंटल तैयार खोया मिला।
जमीन में दबाया नकली खोया
अधिकारियों के अनुसार, इस खोये को वनस्पति मिलाकर तैयार किया गया था। टीम ने मौके से खोये के चार नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। इसके बाद करीब 3 लाख 20 हजार रुपये कीमत के पूरे खोये को जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर जमीन में दबवा दिया गया।
मिलावटखोरों के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई?
खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ किया है कि ‘दीपावली के दौरान बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर नजर रखी जा रही है। मिलावटी पनीर, खोया और अन्य खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है।’