UP Chandan Hospital Fine: लखनऊ नगर निगम ने चिनहट के चंदन हॉस्पिटल की सफाई एजेंसी पर 15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। एक सुपरवाइजर समेत 10 सफाई कर्मचारियों को नौकरी से हटा दिया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 2 नवंबर, सोमवार को चंदन हॉस्पिटल पहुंचे थे। यहां भर्ती पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह का हाल जानने के लिए सीएम का दौरा हुआ था। इस दौरान अस्पताल के आसपास सड़क पर गंदगी मिली।

दूसरी कंपनी को मिला है रोड स्वीपिंग का काम
इस कार्रवाई पर सवाल भी उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इलाके में रोड स्वीपिंग की जिम्मेदारी फिलहाल ‘लॉयन सिक्योरिटी’ के पास है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब सफाई का काम दूसरी कंपनी के पास है, तो LSA पर जुर्माना लगाने और उसके कर्मचारियों को हटाने का फैसला क्यों लिया गया ?
रात 11 बजे निरीक्षण करने पहुंचे थे कमिश्नर
सीएम के दौरे के बाद 2 नवबंर, रात करीब 11 बजे लखनऊ के कमिश्नर विजय विश्वास पंत चंदन हॉस्पिटल के आसपास निरीक्षण करने पहुंच गए। इसकी जानकारी मिलते ही नगर निगम और एलडीए के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। कमिश्नर ने चिनहट तिराहे से चंदन हॉस्पिटल रोड तक फैले अतिक्रमण और जर्जर सर्विस लेन को देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत व्यवस्था ठीक करने के निर्देश दिए।
रात 11:40 बजे बुलडोजर से हटाई दुकानें
इसके बाद नगर निगम जोन4 की जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। रात करीब 11:40 बजे बुलडोजर चलाकर सड़क किनारे बनी कुम्हारों की झोपड़ियां और दुकानें हटा दी गईं। त्योहार से ठीक पहले आधी रात को हुई इस कार्रवाई से दुकानदार नाराज हो गए। उनका आरोप है कि नगर निगम की टीम ने सामान हटाने के लिए उन्हें थोड़ा भी समय नहीं दिया।
अधिकारी बोलीं पहले ही दी थी चेतावनी
जोन4 की जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के लिए दुकानदारों को पहले ही चेतावनी दी जा चुकी थी। इसके बाद ही यह कार्रवाई की गई। वहीं, चिनहट सेकंड वार्ड के पार्षद शैलेन्द्र वर्मा ने बताया कि चंदन हॉस्पिटल से पारिजात अपार्टमेंट तक सर्विस लेन पर पूरी तरह कब्जा है। उन्होंने कहा कि बड़े अधिकारी और वीआईपी के पहुंचने के बाद ही विभाग की नींद खुलती है।