Kedartal Trek Rescue:उत्तराखंड के उत्तरकाशी में केदारताल ट्रैक पर लापता हुए 8 लोगों की तलाश के दौरान रेस्क्यू टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। टीम ने एक महिला और एक पुरुष के शव बरामद किए हैं। हालांकि, अभी दोनों की पहचान नहीं हो पाई है। बाकी 6 लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी है। घटना के बाद पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी चिंता जताई है। उन्होंने उत्तराखंड सरकार से लगातार संपर्क बनाए रखने और लापता लोगों को खोजने के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही है।

29 अक्टूबर को बर्फीले तूफान की चपेट में आया दल
घटना उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित केदारताल ट्रैक की है। जानकारी के मुताबिक, 12 सदस्यों का एक दल 27 अक्टूबर को गंगोत्री से ट्रैकिंग के लिए निकला था। इस दल में ट्रैकरों के साथ सहायक कर्मचारी भी शामिल थे। 29 अक्टूबर को जब दल के सदस्य केदारताल से वापस लौट रहे थे, तभी भोज खड़क और कच्चा ढांग के आसपास अचानक भारी बर्फबारी और हिमस्खलन की चपेट में आ गए। मौसम अचानक बिगड़ने से दल के 8 सदस्य लापता हो गए। इनमें पश्चिम बंगाल के पांच, उत्तर प्रदेश के दो और उत्तरकाशी का एक स्थानीय गाइड शामिल बताया गया है।
एक महिला और पुरुष के शव मिले
लापता लोगों की तलाश के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। खराब मौसम और भारी बर्फबारी के कारण शुरुआती दिनों में रेस्क्यू टीम को काफी परेशानी हुई। 3 नवंबर को मौसम कुछ साफ होने के बाद टीम ने करीब 4 हजार मीटर की ऊंचाई पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक महिला और एक पुरुष के शव मिले। उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने भी दो शव मिलने की पुष्टि की है। फिलहाल दोनों की पहचान नहीं हुई है। बुधवार को शवों को हेलिकॉप्टर से हर्षिल लाने की तैयारी की गई है।
बाकी 6 लोगों की तलाश में जुटी टीमें
दो शव मिलने के बाद भी रेस्क्यू अभियान रोका नहीं गया है। SDRF और NIM की हाई एल्टीट्यूड रेस्क्यू टीमें बाकी छह लापता लोगों की तलाश कर रही हैं। रेस्क्यू टीम को घटनास्थल के आसपास कुछ टेंट और सामान के बैग भी मिले हैं। दुर्गम पहाड़ी रास्ते, कम तापमान, बर्फबारी और खराब मौसम के कारण टीमों के सामने चुनौती बनी हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार को भी तलाशी अभियान जारी रहेगा। अभियान में लगी टीमों की मदद के लिए अतिरिक्त रसद और जरूरी जीवन रक्षक सामग्री भी भेजी जा रही है।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जताई चिंता
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने केदारताल ट्रैक पर पांच युवकों के लापता होने पर चिंता जताई है। उन्होंने X पर पोस्ट कर बताया कि राज्य सरकार उत्तराखंड सरकार और SDRF के संपर्क में है। रेस्क्यू अभियान की जानकारी ली जा रही है और लापता युवकों के परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया गया है।
Deeply concerned about the five young trekkers from Bankura: Rintu Mondal, Uday Ghosh, Ratan Ghosh, Tapas Bauri and Manoj Khawas, who have gone missing during the Kedartal trek in Uttarakhand following severe weather and heavy snowfall.
The Government of West Bengal is in… pic.twitter.com/q3pjWGEY7M— Suvendu Adhikari November 2, 2026