: के डोंबिवली में दोस्त की हत्या के बाद आरोपी करीब 20 दिनों तक चैन से सो नहीं पाया। मृतक दोस्त बारबार उसके सपनों में आता रहा। आखिरकार अपराधबोध से परेशान होकर 24 साल का आरोपी प्रभु करकड़े खुद पुलिस के पास पहुंचा और हत्या की बात कबूल कर ली। इस मामले में पुलिस ने आरोपी प्रभु और शव को ठिकाने लगाने में मदद करने वाले मकान मालिक संदेश म्हात्रे को गिरफ्तार किया है।

शराब पीते समय हुआ था विवाद
यह घटना 9 अक्टूबर को डोंबिवली पश्चिम के मोठागांव इलाके में हुई थी। पुलिस के मुताबिक, 43 साल के पल्लव उर्फ विशाल कदम और प्रभु करकड़े एक ही घर में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में प्रभु ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी।
बोरे में भरकर सुनसान जगह पर फेंका शव
हत्या के बाद प्रभु ने इसकी जानकारी मकान मालिक संदेश म्हात्रे को दी। बताया जाता है कि संदेश ने उसे समझाया कि उसकी अभी शादी भी नहीं हुई है और इस घटना से उसकी पूरी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी। इसके बाद दोनों ने मिलकर शव को बोरे में भरा और खाड़ी किनारे एक सुनसान जगह पर फेंक दिया। उन्हें लगा कि इस तरह हत्या का राज छिपा रहेगा।
20 दिनों तक नहीं आई नींद
हत्या के बाद प्रभु परेशान रहने लगा। वह करीब 20 दिनों तक ठीक से सो नहीं पाया। मृतक दोस्त बारबार उसके सपनों में आता था। इस वजह से परेशान होकर आखिरकार वह खुद ठाणे क्राइम ब्रांच पहुंचा और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
ये खबर भी पढ़ें:
दोनों आरोपी गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच ने प्रभु को हिरासत में लेकर आगे की जांच के लिए विष्णुनगर पुलिस के हवाले कर दिया। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राम चोपड़े ने बताया कि इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल आगे की जांच कर रही है।