Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से है. दशहरे पर कन्या भोज के लिए जलेबी खरीदने को लेकर अंबेडकर चौराहे पर मंगलवार दोपहर भारी बवाल हो गया. जलेबी की दुकान पर लगी भारी भीड़ के बीच पहले मिलने की होड़ में देखते ही देखते विवाद शुरू हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि ग्राहकों और जलेबी दुकानदार के कर्मचारियों के बीच जमकर लातघूंसे चले. मौके पर पहुंची पुलिस के सामने भी दबंगई जारी रही, जिसके बाद उग्र हुए युवक को नियंत्रित करने के लिए दरोगा को थप्पड़ जड़ने पड़े. घटना के बाद एक पक्ष के करीब सौ लोगों ने कोतवाली का घेराव किया. हालांकि, देर शाम दोनों पक्षों में समझौता हो गया.

दशहरे के मौके पर अंबेडकर चौराहे स्थित प्रसिद्ध जलेबी की दुकान पर भारी भीड़ जमा थी. कतार में खड़े होकर जलेबी ले रहे लोगों के बीच जल्दबाजी में आगे निकलने को लेकर दो ग्राहकों में कहासुनी हो गई. मारपीट के बाद एक ग्राहक चला गया, लेकिन दूसरा युवक दुकान के कर्मचारियों से उलझ गया और देखते ही देखते दुकान पर जमकर लातघूंसे चलने लगे. दुकान पर मचे बवाल और मारपीट को देखते हुए जलेबी विक्रेता ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी.
पुलिस के सामने भी हंगामा, दरोगा ने आपा खोकर जड़े थप्पड़
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम के सामने भी हंगामा थमा नहीं. पुलिस बल के पहुंचने के बाद भी दोनों पक्ष एकदूसरे पर झपटते रहे और हाथापाई करते रहे. युवक की लगातार उद्दंडता और हंगामा शांत न होता देख मौके पर तैनात दरोगा ने आपा खो दिया और उसे थप्पड़ जड़ दिए. पुलिस ने हंगामा कर रहे युवकों को हिरासत में लिया और कोतवाली ले आई.
100 लोगों ने किया कोतवाली का घेराव, शाम को हुआ समझौता
पुलिस कार्रवाई से नाराज एक पक्ष के समर्थकों ने कोतवाली घेरकर प्रदर्शन किया. दरोगा द्वारा थप्पड़ मारे जाने और युवकों को हिरासत में लेने से भड़के करीब 100 लोगों ने कोतवाली परिसर का घेराव किया और नारेबाजी की. हंगामे की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुँचकर लोगों को समझाया और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया. पुलिस ने शांति भंग के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की. देर शाम दोनों पक्षों के बीच आपसी बातचीत के बाद समझौता हो गया और मामला शांत हुआ.