Koderma News: मेरठ के ब्लू ड्रम कांड और सांप कांड के बाद एक और ऐसा ही मामला अब झारखंड के कोडरमा से सामने आया है. पुलिस ने एक ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का चौंकाने वाला खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है. प्यार में रोड़ा बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी ने ऐसा प्लान रचा, जिसे जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे. पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को जहरीला इंजेक्शन लगवा दिया. प्रेमी झोलाछाप डॉक्टर था. साथ ही महिला के ही पति का जिगरी यार भी था.

पुलिस की जांच में इस हत्याकांड की परतें जैसेजैसे खुलीं, एक खौफनाक इनसाइड स्टोरी सामने आई. मृतक नरेश ठाकुर का आरोपी सुनील ठाकुर के साथ गहरा याराना था. पेशे से झोलाछाप डॉक्टर सुनील का नरेश के घर आनाजाना था. इसी दौरान सुनील और नरेश की पत्नी किरण देवी के बीच साल 2019 से ही अवैध प्रेम संबंध शुरू हो गया.
जब नरेश को पत्नी और दोस्त के इस रिश्ते का पता चला तो उसने इसका कड़ा विरोध करना शुरू कर दिया. इसके बाद दोनों ने नरेश को रास्ते से हटाकर आपस में शादी करने का खौफनाक प्लान बनाया.
बीमारी का बहाना बनाकर बुलाया, फिर दिया जहरीला इंजेक्शन
10 अक्टूबर को सुनियोजित षड्यंत्र के तहत इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया. किरण देवी ने अपने प्रेमी सुनील को फोन कर जानकारी दी कि उसका पति नरेश बीमार है और कोडरमा रेलवे स्टेशन से कोलकाता जाने की तैयारी में है. सुनील तुरंत स्टेशन पहुंचा और नरेश को इलाज का झांसा देकर अपनी बाइक पर बैठाकर नवलशाही स्थित अपने क्लिनिक ले गया. क्लिनिक में इलाज के नाम पर सुनील ने अपने ही दोस्त नरेश को जहरीला कीटनाशक का इंजेक्शन लगा दिया, जिससे तड़पतड़पकर उसकी मौत हो गई.
बोरे में बंद कर खदान में फेंका शव, पत्नी ने दर्ज कराई झूठी गुमशुदगी
हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने और पुलिस को गुमराह करने का पूरा नाटक तैयार किया गया था. हत्या के बाद सुनील ने अपने दोस्त के शव को प्लास्टिक के बोरे में कसकर बांधा और रात के अंधेरे में मोटरसाइकिल पर लादकर लकराही तालाब के पास एक बंद पड़े पत्थर खदान में फेंक दिया. पति की हत्या करवाने के बाद शातिर पत्नी किरण देवी ने खुद को बेकसूर साबित करने के लिए स्थानीय पुलिस थाने में पति की गुमशुदगी की झूठी रिपोर्ट दर्ज करवा दी ताकि किसी को शक न हो.
SIT की जांच और ह्यूमन इंटेलिजेंस से हुआ खुलासा
17 अक्टूबर को नवलशाही थाना क्षेत्र के बंद खदान से बोरे में बंद अज्ञात शव बरामद हुआ. कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कांड संख्या 69/26 दर्ज कर SIT का गठन किया. SIT ने सर्विलांस, तकनीकी पहलुओं और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर शव की पहचान नरेश ठाकुर के रूप में की. जब पुलिस ने पत्नी किरण देवी की कॉल डिटेल और गतिविधियों की गहन जांच की तो सुनील ठाकुर के साथ उसके अवैध संबंधों का भंडाफोड़ हो गया. कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को सलाखों के पीछे भेज दिया.