Banda Road Accident: उत्तर प्रदेश के बांदा से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. यहां एक तेज रफ्तार बाइक ने एक 50 साल की महिला को टक्कर मार दी. महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. ये हादसा जिले के कोतवाली क्षेत्र के शुकुल कुआं में हुआ. मृतक महिला की पहचान मुन्नी के रूप में की गई है. उनके पति का नाम त्रिवेणी शंकर है. मृतका की चार लड़कियां हैं. हादसा शुक्रवार को हुआ.

मृतक महिला शुकुल कुआं की ही रहने वाली थी. मुन्नी शुक्रवार को अपनी बेटियों के साथ घर के पास देवी दर्शन के लिए जा रही थीं, तभी ये हादसा हुआ. बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर लगने के बाद मुन्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं. हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया और लोगों की भीड़ जुट गई. इसके बाद हादसे की सूचना पुलिस को दी गई.
परिजनों का रोरोकर बुरा हाल
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. फिर पुलिस की मदद से परिजन घायल मुन्नी को अस्पताल लेकर गए. वहां पर मुन्नी का इलाज चल रहा था, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उनकी मौत हो गई. मुन्नी की मौत के बाद उनके परिवार में कोहराम मच गया है. परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है. परिजनों ने बताया कि, मुन्नी के पति त्रिवेणी शंकर दिव्यांग हैं. उनकी चार बेटियां हैं.
पुलिस कर रही है बाइक सवार की तलाश
जिम्मेदारियों के बीच महिला की मौत से परिवार वालों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम करा लिया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. महिला को टक्कर मारने वाला बाइक सवार अभी फरार है. पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है. साथ ही पुलिस हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांचपड़ताल कर रही है.