Varanasi News: वाराणसी में सारनाथ के पंचकोशी क्षेत्र में गुरुवार को पटाखों में विस्फोट के बाद दो मंजिला मकान ढह गया. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस और राहतबचाव की टीमें मौके पर पहुंच गईं. अब तक मलबे से दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है. वहीं, एक महिला के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है. उसे निकालने के लिए NDRF और SDRF की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं. शुरुआती जांच में मकान के अंदर पटाखे बनाने की बात सामने आई है.

शाम 5 बजे मिली मकान ढहने की सूचना
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, शाम करीब 5 बजे सूचना मिली कि सारनाथ के पंचकोशी क्षेत्र में एक दो मंजिला मकान ढह गया है. सूचना मिलते ही स्थानीय चौकी प्रभारी, इंस्पेक्टर, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य टीमें मौके पर पहुंचीं. घटनास्थल का निरीक्षण करने के दौरान पुलिस को वहां आतिशबाजी में इस्तेमाल होने वाले पटाखों जैसी चीजें मिलीं. साथ ही, मौके पर पटाखों जैसी गंध भी महसूस हुई. पुलिस को शुरुआती तौर पर आशंका है कि पटाखों में विस्फोट के कारण मकान गिरा होगा.
मलबे में महिला के दबे होने की आशंका
हादसे के बाद राहतबचाव अभियान शुरू किया गया. पुलिस अधिकारी ने बताया कि मौके पर पहुंचने के समय किसी के मलबे में दबे होने की आधिकारिक जानकारी नहीं थी. हालांकि, स्थानीय लोगों ने एक महिला के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई है. इसके बाद बचाव दलों ने मलबा हटाने का काम तेज कर दिया. मौके पर NDRF, SDRF और फायर सर्विस की टीमें मौजूद हैं. सभी टीमें सावधानी से मलबा हटाकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि कहीं कोई व्यक्ति उसके नीचे तो नहीं फंसा है. पुलिस बल भी मौके पर तैनात है, ताकि राहतबचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आए.
हाथ से पटाखे बनाने की आशंका, जांच जारी
पुलिस अधिकारी के अनुसार, शुरुआती तौर पर ऐसा लग रहा है कि मकान में स्थानीय स्तर पर हाथ से पटाखे बनाने का काम किया जा रहा था. हालांकि, वहां कब से पटाखे बनाए जा रहे थे और क्या इसके लिए जरूरी अनुमति ली गई थी, इन सवालों की अभी जांच की जानी है. फिलहाल, पुलिस और राहतबचाव की टीमें मौके पर मौजूद हैं. हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने की आशंका को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.