विधानसभा चुनावों से ठीक पहले सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने गोरखपुर की जिला कार्यकारिणी समेत सभी अनुसांगिक संगठनों की कार्यकारिणी भंग कर दी है. उन्होंने ने यह कार्रवाई शनिवार को पार्टी के प्रेस कांफ्रेंस में हुए बवाल को देखते हुए किया है. आरोप है कि प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कुर्सी पर बैठने को लेकर पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी और सपा नेता अंशुमान सिंह के बेटे के बीच विवाद हुआ. इस दौरान अंशुमान सिंह के बेटे ने पूर्व जिलाध्यक्ष को थप्पड़ मार दिया था.

यह पूरी घटना गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुई. देखते ही देखते मामला तूल पकड़ने लगा. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. अखिलेश यादव ने घटना पर संज्ञान लेते हुए अंशुमान सिंह के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया है. वहीं अब जिले की कार्यकारिणी को भंग कर दिया है. बता दें कि सपा नेता अंशुमान सिंह आगामी विधानसभा चुनावों में गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा सीट से दावेदारी कर रहे थे.
निजी सचिव ने जारी किया पत्र
इस घटना के बाद अखिलेश यादव के निजी सचिव गंगाराम ने एक पत्र जारी कर जिले की कार्यकारिणी भंग होने की जानकारी दी. उन्होंने अपने पत्र में बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की अनुमति से गोरखपुर जिले की जिलाध्यक्ष समेत जिला कार्यकारिणी, महानगर अध्यक्ष समेत महानगर की कार्यकारिणी भंग की गई है. इसके साथ ही सभी फ्रंटल संगठनों के जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष और उनकी कार्यकारिणी को भी भंग किया गया है.
क्या है पूरा मामला?
गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में शनिवार को समाजवादी पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस चल रही थी. इसी दौरान कुर्सी पर बैठने को लेकर पूर्व जिलाअध्यक्ष नगीना साहनी और गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा सीट से दावेदारी कर रहे अंशुमन सिंह के समर्थक आपस में भिड़ गए. इतने में अंशुमान सिंह के बेटे कमलेश सिंह ने नगीना साहनी को थप्पड़ मार दिया. इससे मौके पर बवाल हो गया. घटना का वीडियो सामने आते ही पार्टी ने अंशुमान सिंह को पार्टी से बाहर कर दिया है.
अंशुमान सिंह ने दी सफाई
घटना के बाद अंशुमान सिंह ने मीडिया के सामने सफाई दी. कहा कि वह पहुंचे तो लगभग सारी कुर्सियां भरी थीं. ऐसे में उन्होंने पीछे से कुर्सी मंगाकर नगीना साहनी के बगल में लगाने की कोशिश की. इसी बात पर कहासुनी हो गई थी. उन्होंने कहा कि इस मामले में उनकी छवि को खराब करने की कोशिश हुई है. उन्होंने कहा कि वह जिस सीट से दावेदारी कर रहे हैं, उसी सीट पर नगीना साहनी की भी नजर है. इसलिए साजिश की तरह विवाद पैदा किया गया.