Imran Khan India Exit Notice: बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान के भांजे और अभिनेता इमरान खान को मुंबई पुलिस ने 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस दिया है। इमरान खान 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में आयोजित CJP के प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इस प्रदर्शन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई थी। पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान इमरान को हिरासत में भी लिया था। पुलिस के मुताबिक, इमरान खान भारतीय नागरिक नहीं हैं और उनके प्रदर्शन में शामिल होने को लेकर इमिग्रेशन कानून के तहत कार्रवाई की गई है। उन्हें नोटिस जारी कर तय समयसीमा के भीतर देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है।

28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का निर्देश
इमरान खान ) ने मुंबई पुलिस की ओर से जारी नोटिस प्राप्त कर लिया है। वह 10 अक्टूबर को अगस्त क्रांति मैदान में हुए प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इस दौरान CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई गई थी। प्रदर्शन से जुड़े मामले में 400 से अधिक लोगों के खिलाफ FIR दर्ज किए जाने की बात भी सामने आई थी।
इमरान खान के पास भारतीय नागरिकता नहीं, बल्कि अमेरिकी नागरिकता है। उनका जन्म 13 जनवरी 1983 को अमेरिका के विस्कॉन्सिन राज्य के मैडिसन शहर में हुआ था। उनके पास अमेरिकी पासपोर्ट के साथ भारत का ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया कार्ड भी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025 के प्रावधानों का हवाला दिया गया है।
किरीट सोमैया ने उठाए थे सवाल
इस मामले को लेकर बीजेपी नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने भी इमरान खान की प्रदर्शन में भागीदारी पर सवाल उठाए थे। उन्होंने पुलिस में शिकायत देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की थी। सोमैया का दावा था कि OCI कार्ड धारक या विदेशी नागरिक भारत की घरेलू राजनीतिक गतिविधियों और प्रदर्शनों में हिस्सा नहीं ले सकते। उन्होंने पुलिस और इमिग्रेशन अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच करने की अपील की थी।
ये भी पढ़ें:
हिरासत से पहले इमरान ने क्या कहा था?
पुलिस की ओर से हिरासत में लिए जाने से पहले इमरान खान ने प्रदर्शन में शामिल होने की वजह बताते हुए अपना पक्ष रखा था। उन्होंने कहा था कि वह इस शहर में रहने वाले एक व्यक्ति और नागरिक के तौर पर वहां पहुंचे हैं। उनका कहना था कि वह यह समझना चाहते हैं कि लोगों की आवाजाही की आजादी पर रोक क्यों लगाई जा रही है और उनकी आवाज को क्यों दबाया जा रहा है। फिलहाल, मुंबई पुलिस की ओर से जारी नोटिस के बाद इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ना होगा। यह कार्रवाई उनके CJP प्रदर्शन में शामिल होने को लेकर की गई है।
ये भी पढ़ें: