भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के काशी एवं गोरखपुर क्षेत्र के संयुक्त विस्तारक प्रशिक्षण वर्ग के पहले दिन के सत्र में लंबी चर्चा की. इस सत्र में विस्तारकों, विधानसभा प्रभारियों एवं पालकों के कार्य, दायित्व एवं संगठनात्मक भूमिका को लेकर बात हुई. इस दौरान कार्यक्रम में सबसे ज्यादा फोकस उन बूथों पर रहा जहां लोकसभा के चुनाव में पार्टी को अपेक्षा के अनुरूप सफलता नही मिली थी. अब उसी को आधार बना कर बीजेपी पूर्वांचल में बूथों की ग्रेडिंग करने जा रही है.

उत्तर प्रदेश बीजेपी के सह प्रभारी जगदीश पटेल ने कहा कि हमें प्रत्येक बूथ की नई ग्रेडिंग करनी होगी. पिछली बार के चुनाव में हमें किस बूथ पर कितने वोट मिले. इस आधार पर हमें अपने सभी बूथों पर A B C D ग्रेडिंग करनी होगी. जिन बूथों पर हम कमजोर हैं उन पर सबसे ज्यादा फोकस करना है. जगदीश पटेल ने कहा कि हमारे प्रत्येक विधानसभा में मंडल, शक्तिकेंद्र, बूथ से लेकर पन्ना प्रमुख तक कार्यकर्ता हैं. हमें सिर्फ अपनी सक्रियता को और बढ़ा देना है. हम सभी अपने काम के बोझ को आपस में बांट लें तो हमारा काम आसान हो जाएगा.
कार्यकर्ताओं का बूथ पर फोकस जरूरी
जगदीश पटेल ने कहा कि हम कार्यकर्ताओं को अपने व्यवहार कुशलता के दम पर अपने वोटरों के दिलों में जगह बनाना है. चुनाव के पहले हर एक बिन्दु पर काम करना है. अपने से नीचे की टीम के साथ सहभागी बनना है. जगदीश पटेल ने कहा कि यदि हम प्रत्येक दिन मात्र एक घंटे अपने बूथ पर फोकस करें तो हमें निश्चित तौर पर शत प्रतिशत परिणाम प्राप्त होंगे.
विधानसभा वार रणनीति बनाने पर चर्चा
राष्ट्रीय मंत्री जगदीश पटेल ने विस्तारकों को लेकर ये कहा कि विस्तारक केवल संगठन की योजनाओं को आगे बढ़ाने वाले कार्यकर्ता नहीं, बल्कि संगठन और समाज के बीच मजबूत संपर्क सूत्र हैं. उनकी सक्रियता, अनुशासन, समर्पण और कार्यकुशलता से संगठन की जमीनी मजबूती सुनिश्चित होती है. गुरुवार को दूसरे दिन तीन सत्र में प्रशिक्षण होना है. साथ ही विधानसभा वार रणनीति बनाने पर चर्चा होने की संभावना है.