Muzaffarpur Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से बेखौफ अपराधियों का तांडव सामने आया है. सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में देर रात अज्ञात बदमाशों ने नगर निगम के वार्ड नंबर 17 की पूर्व वार्ड पार्षद रेखा देवी के आवास को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग की. रात करीब एक बजे हुई इस ताबड़तोड़ गोलीबारी से पूरे इलाके में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया है. वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार दो अपराधी मौके से फरार हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है.

घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों ने बताया कि देर रात करीब एक बजे अचानक गोलियों की आवाज से पूरा मोहल्ला गूंज उठा. बाइक से आए दो अपराधियों ने घर के बाहर पहुंचते ही अंधाधुंध गोलियां बरसाना शुरू कर दिया. गोलीबारी में पूर्व पार्षद के घर के बाहर खड़ी कार का शीशा चकनाचूर हो गया और मकान के लोहे के शटर पर भी कई गोलियों के गहरे निशान पाए गए हैं.
नगर DSP ने किया निरीक्षण, CCTV खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नगर DSP1 सुरेश कुमार ने खुद घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस ने मौके से दो खाली खोखा और एक जिंदा कारतूस जब्त किया है. आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रूट का पता लगाया जा सके.
पुराने विवाद में वारदात की आशंका, परिजनों ने पुलिस पर उठाए सवाल
पूर्व वार्ड पार्षद राखी कुमारी ने घटना के पीछे बालूघाट क्षेत्र के एक युवक के साथ चल रहे पुराने विवाद की आशंका जताई है. परिजनों का कहना है कि बालूघाट निवासी एक युवक से उनका पुराना विवाद चल रहा है, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया. पूर्व पार्षद और परिजनों का आरोप है कि इस विवाद की शिकायत पहले भी कई बार स्थानीय थानाध्यक्ष से की गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया. इसी ढिलाई के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हुए हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.