झारखंड के लोहरदगा में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां भंडरा थाना क्षेत्र के धनामुंजी गांव में एक नवविवाहित दंपति की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है. दोनों कमरे में सो रहे थे, तभी आग लग गई. जब तक पास पड़ोस के लोगों को पता चला और आग को काबूकर उन्हें रेस्क्यू किया गया, उनकी मौत हो चुकी थी. आशंका है कि पतिपत्नी ने खुद अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क कर आग लगाई है.

हालांकि पुलिस इस आशंका से पूरी तरह सहमत नहीं है. पुलिस के मुताबिक कमरे में खाना बनाने के दौरान आग लगने की वजह से भी यह हादसा हो सकता है. फिलहाल घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है. वहीं पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान अजित उरांव और उनकी उसकी पत्नी बाल्मीकि उरांव के रूप में हुई है. दोनों की शादी करीब एक साल पहले हुई थी.
अंदर से बंद था दरवाजा
परिजनों के मुताबिक पतिपत्नी देर रात खाना खाकर अपने कमरे में सोने चले गए थे. दरवाजा भी अंदर से बंद था. देर रात कमरे से अचानक आग की लपेट उठने और दोनों के चीखनेचिल्लाने की आवाज से परिजनों एवं पास पड़ोस के लोगों को जानकारी हुई. इसके बाद दरवाजा तोड़कर इन्हें रेस्क्यू किया गयाा. उस समय तक दोनों बुरी तरह झुलस चुके थे. इसके बाद इन्हें तत्काल एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.
इलाज के दौरान हुई मौत
अस्पताल में इलाज के दौरान पति अजित उराव ने दम तोड़ दिया. वहीं गंभीर स्थिति में उसकी पत्नी को डॉक्टरों ने रांची के रिम्स अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया. घटना के बाद पुलिस मामले को सुसाइड और हादसा दोनों रूपों में देखकर जांच कर रही है.पुलिस के मुताबिक फिलहाल दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.