मथुरा के वृंदावन में रसिक दुलारी शरण की संदिग्ध मौक के बाद प्रेमानंद महाराज का आश्रम पर लगातार सवाल उठ रहे हैं. वहीं, अलगअलग राज्यों के युवाओं द्वारा प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली गई थी, जिसके बाद उनके परिजन भी वृंदावन पहुंचे थे. कई लोगों ने अपने बेटों से मिलने नहीं दिए जाने के साथ गंभीर आरोप लगाए हैं. वहीं कुछ लोगों ने कहा कि आश्रम से उनका बेटा लापता है. ऐसा ही हाथरस के सादाबाद निवासी लापता अनुज चौधरी के परिजनों ने भी आरोप लगाया था. हालांकि उनको बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है. पुलिस ने अनुज को बरसाना के राधा बाग मार्ग स्थित लाडली दास आश्रम से बरामद किया है.

जानकारी के मुताबिक, संत प्रेमानंद महाराज के केली कुंज आश्रम से जुड़े मामले में बरसाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. हाथरस के सादाबाद से करीब 3 महीने से लापता 16 वर्षीय किशोर अनुज को बरसाना के राधा बाग मार्ग स्थित लाडली दास आश्रम से बरामद किया गया. बाद में विधिक प्रक्रिया पूरी कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.
जानकारी के मुताबिक, सादाबाद निवासी अनुज करीब तीन महीने पहले घर से लापता हो गया था. परिजनों को जानकारी मिली थी कि वह वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के केली कुंज आश्रम में रह रहा है और दीक्षा लेने के बाद घर वापस नहीं जाना चाहता. लंबे समय तक उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने आश्रम के बाहर धरना भी दिया था. धरने के बाद अनुज बरसाना पहुंच गया और राधा बाग मार्ग स्थित लाडली दास आश्रम में रहने लगा.
अनुज के परिजन बरसाना पहुंचे
इसी दौरान बरसाना कस्बा चौकी प्रभारी गौरव तोमर को किशोर के आश्रम में होने की जानकारी मिली. पुलिस ने तत्काल अनुज से संपर्क किया और इसकी सूचना सादाबाद पुलिस तथा उसके परिजनों को दी. सूचना मिलने के बाद सादाबाद पुलिस और परिजन बरसाना पहुंचे. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अनुज को उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया. करीब तीन महीने बाद किशोर के सकुशल बरामद होने से परिजनों ने राहत की सांस ली. बरसाना पुलिस की तत्परता के बाद अब अनुज अपने परिवार के साथ है.
बताया जा रहा है कि अनुज चौधरी के लापता होने के बाद से परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे. मामले को लेकर परिवार में चिंता का माहौल था. परिजनों ने उसकी तलाश और पुलिस कार्रवाई को लेकर मंगलवार को वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के आश्रम के बाहर धरना प्रदर्शन भी किया था. धरने के दौरान परिजनों ने अनुज की सकुशल बरामदगी की मांग उठाई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को जल्द कार्रवाई और अनुज की तलाश का आश्वासन दिया था. पुलिस के आश्वासन के बाद परिजनों ने अपना धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया था.
अनुज के बरसाना पहुंचने की हो रही जांच
इसी बीच अब बुधवार को अनुज चौधरी के बरसाना में मिलने की खबर सामने आई है. पुलिस द्वारा की गई तहकीकात के बाद अनुज को बरसाना से बरामद किए जाने की बात कही जा रही है. सूचना मिलते ही उसके परिजन बरसाना पहुंचने के लिए रवाना हो गए हैं. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अनुज चौधरी किस परिस्थिति में बरसाना पहुंचा. पुलिस की पूछताछ के बाद ही उसके लापता होने और बरामदगी से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जानकारी सामने आ सकेगी.