धनतेरस और दिवाली से ठीक पहले सोने और चांदी की कीमतों में इस हफ्ते बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। सोने के दाम में जहां हजारों रुपये की कमी आई है, वहीं चांदी भी इस हफ्ते 10,000 रुपये से ज्यादा लुढ़क गई है। इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन के मुताबिक, 24 कैरेट सोने का भाव गिरकर 1,46,426 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है, जबकि इससे पहले इसकी कीमत 1,49,430 रुपये प्रति 10 ग्राम थी। इस प्रकार, 24 कैरेट सोना 3,004 रुपये सस्ता हुआ है।

सोने के साथसाथ 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने की कीमतों में भी कमी आई है। 22 कैरेट वाले सोने की कीमत 1,36,878 रुपये से घटकर 1,34,126 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई है। वहीं, 18 कैरेट वाले सोने की कीमत 1,12,073 रुपये से कम होकर 1,09,820 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई है।
आईबीजेए के आंकड़ों के अनुसार, इस हफ्ते 24 कैरेट सोने का सबसे ऊंचा भाव 12 अक्टूबर को सुबह के सत्र में 1,48,425 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया था। इसके बाद 15 अक्टूबर को सुबह के सत्र में इसका भाव गिरकर 1,45,564 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था।
सोने की तरह ही चांदी की कीमत में भी भारी गिरावट आई है। चांदी 10,191 रुपये सस्ती होकर 2,10,918 रुपये प्रति किलो रह गई है, जबकि इससे पहले यह 2,21,109 रुपये प्रति किलो पर थी। इस हफ्ते चांदी का सबसे ऊंचा भाव 12 अक्टूबर को सुबह के सत्र में 2,20,874 रुपये प्रति किलो रहा था। वहीं, 15 अक्टूबर को सुबह के सत्र में इसकी कीमत घटकर 2,07,098 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी। जानकारी के लिए बता दें कि IBJA रोजाना सुबह और शाम के सत्र में सोने और चांदी के नए भाव जारी करता है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस दौरान सोने का भाव करीब 4,186 डॉलर प्रति औंस और चांदी का भाव लगभग 57 डॉलर प्रति औंस दर्ज किया गया। एक्सपर्ट्स के अनुसार, कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते डॉलर मजबूत हो रहा है, जिसका सीधा दबाव सोने और चांदी की कीमतों पर पड़ रहा है। इसके अलावा, महंगाई बढ़ने के कारण ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका भी निवेशकों को इन कीमती धातुओं से दूरी बनाने के लिए प्रेरित कर रही है, जिसके चलते सोने और चांदी में बिकवाली लगातार बढ़ रही है।