उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही राजनीतिक दलों में अपनी ताकत बढ़ाने और नए चेहरों को जोड़ने की होड़ लग गई है. चाहें भाजपा हो या समाजवादी पार्टी, दोनों ही अपनेअपने संगठन को मजबूत करने में जुटी हैं. इस बीच सपा के पोस्टर में नजर आ रही कन्नौज में भाजपा के एक पदाधिकारी की तस्वीर ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है.

मामला भाजपा नेता और जिला पंचायत सदस्य के पति पंकज राजपूत से जुड़ा है. भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिला महामंत्री पंकज राजपूत की तस्वीर लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय के सामने लगी एक होर्डिंग में नजर आया है. उनकी पत्नी तो बीजेपी में ही हैं और पार्टी के लिए सक्रिय भागीदारी भी निभा रही हैं, लेकिन इस होर्डिग के सामने आने के बाद जिले की सियासत में एक नई बयार चलने लगी है.
अखिलेश यादव के नीचे पंकज की तस्वीर
लखनऊ में सपा कार्यालय के बाहर बड़ी सी होर्डिंग लगी है. इसमें पंकज राजपूत की तस्वीर अखिलेश यादव की बड़ी तस्वीर के ठीक नीचे है. इसमें वह दीपावली की शुभकामनाएं देते नजर आ रहे हैं. तस्वीर सामने आने के बाद भाजपा के भीतर भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. सूत्रों की माने तो पंकज राजपूत इस समय भले ही कन्नौज भाजपा से जुड़े हैं, लेकिन लेकिन अंदरखाने समाजवादी पार्टी के संपर्क में भी हैं और हरदोई से सपा के टिकट पर चुनाव की तैयारी भी कर रहे हैं.
बढ़ सकती है कन्नौज बीजेपी की मुश्किलें
कन्नौज की तीनों विधानसभा सीटों को लेकर भाजपा के सामने आगामी चुनाव में अपनी पिछली सफलता दोहराने की चुनौती होगी. छिबरामऊ और तिर्वा सीट पर भाजपा लगातार दो बार जीत दर्ज कर चुकी है. जबकि सदर सीट पर पिछले चुनाव में बीजेपी सपा को शिकस्त देने में सफल रही. इस बार के चुनाव में पार्टी को तीनों सीटों को बचाए रखना बड़ी चुनौती है.
पार्टी ने मांगा जवाब
इस पोस्टर के संबंध में पंकज राजपूत से बात की गई तो उन्होंने खुलकर कोई राजनीतिक रुख स्पष्ट नहीं किया. उन्होंने यह स्वीकार तो किया कि उनके सहयोगियों की ओर से यह पोस्टर लगवाया है. लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या पोस्टर उनकी सहमति से लगा या बिना पूछे. हालांकि मामला सामने आने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने पंकज राजपूत से जवाब तलब किया है.