खराब सड़कों पर गाड़ी चलाने में हर किसी को परेशानी होती है. खासतौर पर अगर सड़कों पर गहरे गड्ढे हों तो दुर्घटना की संभावना भी बढ़ जाती है. इन गड्ढों की वजह से कई बड़े हादसे भी हो जाते हैं. लेकिन अब मार्केट में ऐसा इलेक्ट्रिक स्कूटर भी है, जो गड्ढे होने पर पहले ही अलर्ट कर देगा. इलेक्ट्रिक टूव्हीलर कंपनी एथर एनर्जी ने ग्राहकों के लिए एक नया फीचर लॉन्च किया है. इस फीचर्स का नाम Pothole+ Alerts है.

इस फीचर का इंतजार पिछले साल से किया जा रहा था, जब कंपनी ने पहली बार इसे कम्यूनिटीडे इवेंट में दिखाया था. अब यह फीचर ऑफिशियली Gen 2 और उससे नए Ather स्कूटर्स, जैसे Ather 450X, 450 Apex और Rizta Z के लिए जारी किया जा रहा है. कंपनी का कहना है कि इस तकनीक को तैयार करने में करीब 9 साल लगे हैं. यह फीचर लाखों किलोमीटर तक चलाए गए Ather स्कूटर्स से मिले डेटा की मदद से काम करता है.
कैसे काम करेगा Pothole+ Alerts फीचर?
एथर के सभी नए स्कूटर्स इंटरनेट कनेक्टिविटी और स्मार्ट कंप्यूटिंग सिस्टम से लैस हैं. इन स्कूटर्स से लगातार सड़क की जानकारी कंपनी तक पहुंचती रहती है. इसी डेटा का इस्तेमाल करके Pothole+ Alerts फीचर सड़क पर मौजूद गड्ढे, टूटी हुई सड़क, ऊबड़खाबड़ रास्ते और खराब स्पीड ब्रेकर जैसी जगहों की पहचान करता है. जब राइडर नेविगेशन का इस्तेमाल करेगा, तो स्कूटर पहले ही बता देगा कि आगे सड़क पर कोई खराब हिस्सा आने वाला है. इससे राइडर पहले से सतर्क हो सकेगा और सुरक्षित तरीके से वाहन चला सकेगा.
स्क्रीन और आवाज, दोनों से मिलेगी चेतावनी
एथर का नया फीचर सिर्फ स्क्रीन पर ही नहीं, बल्कि ऑडियो अलर्ट के जरिए भी जानकारी देगा. अगर राइडर Ather Halo स्मार्ट हेलमेट या ब्लूटूथ हेडसेट का इस्तेमाल कर रहा है, तो गड्ढे या खराब सड़क की चेतावनी सीधे हेलमेट या हेडसेट में सुनाई देगी. इससे बारबार स्क्रीन देखने की जरूरत नहीं पड़ेगी और राइडर की नजर सड़क पर बनी रहेगी.
कंपनी ने कैसे तैयार की यह तकनीक?
कंपनी के अनुसार, सबसे बड़ी चुनौती तकनीक बनाना नहीं थी, बल्कि सड़कों का सही और भरोसेमंद डेटा इकट्ठा करना था. पिछले कई वर्षों में कंपनी के कनेक्टेड स्कूटर्स लाखों किलोमीटर तक भारतीय सड़कों पर चले हैं. इस दौरान मिले डेटा के आधार पर कंपनी ने अलगअलग जगहों के सड़क हालात का बड़ा डेटाबेस तैयार किया. इसी डेटाबेस की मदद से अब Pothole+ Alerts फीचर काम करेगा.
आगे और भी स्मार्ट होगा नेविगेशन
फिलहाल यह फीचर सिर्फ सड़क पर आने वाले गड्ढों और खराब रास्तों की जानकारी देता है. लेकिन एथर का कहना है कि भविष्य में उसका नेविगेशन सिस्टम सिर्फ सबसे छोटा रास्ता ही नहीं, बल्कि सबसे बेहतर और स्मूद सड़क वाला रास्ता भी सुझाएगा. यानी अगर किसी रास्ते पर ज्यादा गड्ढे या खराब सड़क होगी, तो स्कूटर आपको दूसरा बेहतर रूट चुनने की सलाह देगा.