Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में शनिवार सुबह प्रेमी युगल के शव पेड़ से लटके मिलने से सनसनी फैल गई. घटना बनियाठेर थाना क्षेत्र के सैंजनी गांव के बाहर खेत की बताई जा रही है. ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक जानकारी में दोनों के बीच प्रेम संबंध और शादी करने की इच्छा की बात सामने आई है. हालांकि, मौत की वास्तविक वजह की पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी.

बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात से दोनों अपनेअपने घरों से लापता थे. परिजन उनकी तलाश कर रहे थे. शनिवार सुबह ग्रामीणों ने खेत की ओर पेड़ पर दोनों के शव लटके देखे. इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. एसपी संभल विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि ग्राम प्रधान के माध्यम से पेड़ से युवकयुवती के शव लटके होने की सूचना मिली थी.
तीन महीने से प्रेम संबंध की बात
पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच करीब तीन महीने से प्रेम संबंध होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों सावन के मेले में मिले थे और शादी करना चाहते थे. अगस्त में दोनों के परिजनों को उनके रिश्ते की जानकारी होने के बाद परिवारों के बीच विवाद की बात भी सामने आई है. बताया जा रहा है कि दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और उनके घरों के बीच करीब 100 मीटर की दूरी थी. मृतक युवक के बारे में बताया गया है कि वह परिवार का इकलौता बेटा था और चंदौसी के आरएस इंटर कॉलेज में कक्षा 11 में पढ़ता था. युवती अपने परिवार में सबसे छोटी बताई जा रही है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना ग्राम प्रधान के माध्यम से पुलिस को मिली. इसके बाद सीओ चंदौसी और बनियाठेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की. एसपी संभल विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि ग्राम प्रधान के माध्यम से पेड़ से युवकयुवती के शव लटके होने की सूचना मिली थी. सूचना के बाद पुलिस और सीओ मौके पर पहुंचे. उन्होंने कहा कि मौत के कारणों और पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी के लिए जांच की जा रही है.
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ के साथ ही मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही मौत की परिस्थितियां पूरी तरह स्पष्ट हो सकेंगी.