उत्तर प्रदेश के शामली में अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ टिप्पणी करना अखिल भारतीय जाट महासभा के युवा जिला अध्यक्ष मुकुल चौधरी को भारी पड़ गया. सोशल मीडिया मैसेंजर के जरिए एक महिला ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बताते हुए मुकुल चौधरी को जान से मारने की धमकी दी. शिकायत मिलने के बाद शामली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और शनिवार को आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस के मुताबिक, मुकुल चौधरी शामली के गढ़ी पुख्ता थाना क्षेत्र के जधेड़ी गांव के रहने वाले हैं. उन्होंने एक निजी यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू के दौरान अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर साबरमती जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ टिप्पणी की थी. इंटरव्यू देखने के बाद राजस्थान के जयपुर में रहने वाली बिंदु नाम की महिला कथित तौर पर नाराज हो गई.
मुकुल चौधरी को मारने की दी धमकी
आरोप है कि महिला ने सोशल मीडिया मैसेंजर के माध्यम से मुकुल चौधरी से संपर्क किया और खुद को लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बताते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी. धमकी मिलने के बाद मुकुल चौधरी ने पुलिस को इसकी जानकारी दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर महिला की तलाश शुरू की.
शामली पुलिस ने शनिवार को महिला को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस पूछताछ में महिला के बारे में कई बातें सामने आईं. एसपी शामली एनपी सिंह के मुताबिक, आरोपी महिला मूल रूप से बिहार की रहने वाली है और वर्तमान में जयपुर में रहकर बाउंसर का काम करती है. उसके चार बच्चे हैं और वह पिछले करीब आठ वर्षों से अपने पति से अलग रह रही है.
लॉरेंस को मानती है अपना पति
पुलिस के अनुसार, महिला ने पूछताछ में बताया कि वह पिछले आठ वर्षों से लॉरेंस बिश्नोई को मन ही मन अपना पति मानती है. उसका कहना है कि लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ कोई गलत टिप्पणी उसे बर्दाश्त नहीं होती. पुलिस के मुताबिक, महिला ने अपने हाथ पर लॉरेंस बिश्नोई का नाम भी गुदवा रखा है. हालांकि पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि महिला की लॉरेंस बिश्नोई से कभी मुलाकात नहीं हुई और न ही उसके किसी साथी से उसकी मुलाकात होने की बात सामने आई है. इसके बावजूद महिला द्वारा खुद को लॉरेंस की पत्नी बताकर धमकी देने के आरोप में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमकी देने के पीछे महिला की मंशा क्या थी और क्या उसका किसी अन्य व्यक्ति या गिरोह से कोई संपर्क है. गिरफ्तार महिला को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.