Mathura News: धर्मनगरी वृंदावन स्थित संत प्रेमानंद महाराज के केली कुंज आश्रम को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है. सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो ने देशविदेश में बैठे लाखों श्रद्धालुओं की बेचैनी बढ़ा दी है. इस वायरल वीडियो में आम दिनों में भक्तों की भारी भीड़ और भजनकीर्तन से गुलजार रहने वाला आश्रम परिसर पूरी तरह खाली नजर आ रहा है. इतना ही नहीं, आश्रम के मुख्य द्वार के बाहर बना पूछताछ काउंटर भी पूरी तरह बंद दिखाई दे रहा है.

परिसर में अचानक पसरे इस सन्नाटे और कुछ साधकों के आश्रम छोड़ने की अटकलों ने श्रद्धालुओं को गहरी चिंता में डाल दिया है. सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद से ही भक्तों के बीच तरहतरह के सवाल उठ रहे हैं. श्रद्धालु यह जानने को उत्सुक हैं कि आखिर अचानक ऐसा क्या हुआ कि केली कुंज आश्रम में सन्नाटा छा गया? क्या आश्रम की आंतरिक व्यवस्थाओं और दर्शन प्रणाली में कोई बड़ा बदलाव किया गया है, या फिर इसके पीछे कोई और विशेष कारण है?
भक्तों की बढ़ी चिंता
संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन और उनके एकांतिक वार्तालाप के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु वृंदावन पहुंचते हैं. ऐसे में आश्रम परिसर के खाली दिखने और इंक्वायरी काउंटर बंद होने की खबर ने भक्तों को हैरान कर दिया है. हालांकि, वायरल वीडियो की वास्तविक स्थिति और साधकों से जुड़ी चर्चाओं को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट तस्वीर सामने नहीं आ सकी है. फिलहाल, इस पूरे मामले पर केली कुंज आश्रम प्रबंधन की ओर से आधिकारिक बयान या प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.