वाराणसी के नमो घाट पर भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो के दूसरे दिन लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों ने शानदार प्रदर्शन किया. गंगा के ऊपर विमानों की गर्जना और हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया.

एयर शो में राफेल, सुखोई30 एमकेआई, मिराज2000 और स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस ने अपनी हवाई क्षमता का प्रदर्शन किया. तेज रफ्तार फ्लाईपास्ट, हवा में सटीक मोड़ और एयरोबेटिक करतब दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण रहे.
वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने ध्रुव हेलीकॉप्टरों के जरिए शानदार फॉर्मेशन और उड़ान का प्रदर्शन किया. हेलीकॉप्टरों की विशेष उड़ान और तिरंगे के रंगों से जुड़ी प्रस्तुति ने लोगों में देशभक्ति का उत्साह भर दिया.
भारी सामान और सैनिकों के परिवहन में इस्तेमाल होने वाले चिनूक हेलीकॉप्टर ने अपने प्रदर्शन से लोगों का ध्यान खींचा. गंगा के पानी के बेहद करीब उड़ान और वॉटर टचएंडगो जैसे करतबों को देखकर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साह जताया.
एयर शो में स्लिदरिंग ऑपरेशन का प्रदर्शन भी किया गया. इसमें हेलीकॉप्टर से रस्सी के सहारे जवानों को गंगा के बीच खड़े क्रूज शिप पर उतारा गया. इस अभ्यास के जरिए कठिन परिस्थितियों में सैनिकों की तैनाती और विशेष अभियान की क्षमता दिखाई गई.
आयोजकों की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, एयर शो में देश के 12 प्रमुख एयरबेस से करीब 100 विमान और हेलीकॉप्टर भाग ले रहे हैं. लड़ाकू विमानों के अलावा सी17 ग्लोबमास्टर, सी130, सी295, एएन32, डोर्नियर और आईएल78 जैसे परिवहन व सहायक विमान भी प्रदर्शन का हिस्सा हैं. अपाचे, चेतक और अन्य सैन्य हेलीकॉप्टर भी आकर्षण का केंद्र रहे.
नमो घाट, राजघाट, अस्सी घाट और गंगा पार के इलाकों में एयर शो देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. कड़ी धूप के बावजूद दर्शकों का उत्साह बना रहा. तीन दिवसीय कार्यक्रम का समापन 25 अक्टूबर को होगा. दी गई जानकारी के मुताबिक, अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई प्रमुख नेताओं के शामिल होने का कार्यक्रम है.