Lucknow Crime News: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में संदिग्ध हालातों में चौथी मंजिल से गिरकर एक युवक की मौत हो गई. ये मामला अलीगंज थाना क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है. घटना शुक्रवार रात 10 बजे की है. मृतक युवक की पहचान 28 वर्षीय शिवा शर्मा के रूप में की गई है. य़ुवक की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. परिजनों ने उसकी गर्लफ्रेंड श्रद्धा दुबे पर हत्या का आरोप लगाया है.

मृतक की मां रंजना शर्मा के मुताबिक, 8 अक्टूबर को बेटी आस्था के मोबाइल पर कॉल आई कि शिवा राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती है. वहां से उसे मेडिकल कॉलेज ट्रॉमा सेंटर भेजे जाने की जानकारी मिली. परिजनों का आरोप है कि ट्रॉमा सेंटर पहुंचने से पहले शिवा के साथ गया सौरव कश्यप उसे छोड़कर चला गया.
शिवा अलीगंज में कैफे चलाता था
परिजन रात करीब 9 बजे अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों ने शिवा की मौत की जानकारी दी और बताया कि उसकी मृत्यु करीब 2 से ढाई घंटे पहले हो चुकी थी. परिजनों के अनुसार, शिवा अलीगंज में कैफे चलाता था और 7 अक्टूबर से घर नहीं लौटा था. मामले में अब शिवा की मौत की परिस्थितियों और उसके साथ मौजूद लोगों की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
आखिर शिवा की मौत किन परिस्थितियों में हुई और परिजनों को समय पर सूचना क्यों नहीं मिली? परिजनों का आरोप है कि श्रद्धा दुबे ने साथियों संग मिलकर शिवा की हत्या की है. मृतक की मां का आरोप है कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि सोचीसमझी हत्या है. बेटे के शव को देखा तो उसके शरीर पर बर्बरता और मारपीट के साफ निशान नजर आ रहे थे. शिवा की दोनों आंखें और जबड़ा टूटा हुआ था.
गर्लफ्रेंड 45 महीने से बेटे को परेशान कर रही थी
शिवा के नाक और कान से काफी खून बह रहा था. रंजना शर्मा ने आरोप लगाया कि श्रद्धा दुबे पिछले 45 महीने से बेटे को परेशान कर रही थी. वह उसको समाज में बदनाम करने, उसके साथ मारपीट करने और झूठे आरोप लगाने की धमकी देती थी. परिजनों का दावा है कि दिनभर शिवा को बंधक बनाकर उसकी बुरी तरह पिटाई की गई. फिर उसकी हत्या कर दी गई. हालांकि इन आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही साफ होगी.