Lucknow News: राजधानी लखनऊ में अस्पतालों की फार्मेसियों पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. दवाओं के खरीद और बिक्री मूल्य की जानकारी सार्वजनिक नहीं करने और निर्धारित नियमों का पालन न करने पर 9 हॉस्पिटल फार्मेसियों के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए गए हैं. कार्रवाई की जद में जावित्री हॉस्पिटल, टेंडर पाम, शांति राज मेडिकल्स, ग्लोब मेडिकेयर और शेखर हॉस्पिटल समेत कई अस्पतालों की फार्मेसियां आई हैं.

एफएसडीए आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के 1 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुपालन में औषधि निरीक्षकों ने अस्पतालों की फार्मेसियों की जांच की थी. जांच में दवाओं के खरीद मूल्य, बिक्री मूल्य और अन्य जरूरी जानकारियां सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित नहीं मिलीं. इस पर संबंधित फार्मेसियों को नोटिस जारी कर जवाब और दस्तावेज मांगे गए. निर्धारित प्रक्रिया के बाद भी नियमों का पालन नहीं करने पर लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की गई.
वहीं मेदांता, मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, अपोलोमेडिक्स और रीजेंसी हॉस्पिटल की फार्मेसियों ने आदेश का अनुपालन करते हुए दवाओं और मेडिकल डिवाइस की मूल्य सूची अपनी वेबसाइट और क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध करा दी है.
मरीजों को मिलेगी दवाओं की कीमतों की जानकारी
एफएसडीए के आदेश के तहत हॉस्पिटल फार्मेसियों को अपनी वेबसाइट पर फार्मेसी का नाम, लाइसेंस नंबर, लाइसेंसधारक का नाम, पता और नियुक्त फार्मासिस्ट की जानकारी उपलब्ध करानी होगी. इसके अलावा दवाओं की मूल्य सूची और साप्ताहिक स्टॉक का विवरण भी सार्वजनिक करना अनिवार्य है. फार्मेसी काउंटर पर वेबसाइट का लिंक और क्यूआर कोड प्रदर्शित करना होगा, ताकि मरीज और उनके परिजन दवाओं के खरीद और बिक्री मूल्य की जानकारी आसानी से हासिल कर सकें.
68 जिलों की 495 हॉस्पिटल फार्मेसियों का निरीक्षण
एफएसडीए का प्रदेशव्यापी विशेष अभियान 4 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगा. अब तक प्रदेश के 68 जनपदों में 495 हॉस्पिटल फार्मेसियों का निरीक्षण किया जा चुका है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में नियमों का पालन नहीं करने वाली फार्मेसियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी. जरूरत पड़ने पर ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 की धारा 22 के तहत दवाओं की बिक्री पर रोक भी लगाई जा सकती है.
विभाग का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य दवाओं की कीमतें तय करना नहीं, बल्कि अस्पतालों में दवाओं की कीमतों को लेकर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को दवाओं की कीमतों की सही जानकारी मिल सके.