Masala Gobi Recipe: घर पर रोजाना एक जैसी सब्जियों को खाते-खाते मन ऊब जाता है। अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है तो इस बार कुछ अलग रेसिपी ट्राई कर सकते हैं जो आपके बोरिंग लंच या डिनर को खास बना सकता है। इसके लिए ढाबा स्टाइल मसाला गोभी एक अच्छा ऑप्शन हो सकती है। फूलगोभी और मसालों से बनने वाली यह डिश खाने के स्वाद को दोगुना कर देगी। यही कारण है कि उत्तर भारत के ढाबों, रेस्तरां और घरों में इसे काफी पसंद किया जाता है।

अगर आप ढाबे वाला स्वाद चाहते हैं तो घर पर इसे खास रेसिपी के जरिए बनाया जा सकता है। इसे लंच या डिनर में रोटी, पराठा, तंदूरी रोटी या नान के साथ खा सकते हैं।
सामग्री
Khabar Monkey
गोभी- 250-300 ग्राम
जीरा- एक चम्मच
लहसुन- पांच-छह कलियां
अदरक- एक इंच
हरी मिर्च- दो
हल्दी- आधा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर- एक चम्मच
हींग- एक चुटकी
धनिया पाउडर- आधा चम्मच
गरम मसाला पाउडर- एक चम्मच
टमाटर- दो
नमक- स्वादानुसार
बनाने की विधि
ढाबा स्टाइल मसाला गोभी बनाने के लिए सबसे पहले फूलगभी को टुकड़ों में काट लें। इन्हें अच्छे से धोकर साफ कर लें। फिर पानी में नमक डालकर हल्का सा उबालें। इसी बीच अदरक-लहसुन का पेस्ट तैयार कर लें। साथ ही टमाटर और काजू को मिक्सी में थोड़े से पानी के साथ पीसकर पेस्ट बना लें। फिर एक कड़ाही में तेल गरम करके उसमें फूलगोभी के टुकडों को डालकर हल्का सा भूनें। अब उसी कड़ाही में फिर से तेल गरम करें और एक तेज पत्ता और आधा चम्मच शाही जीरा डालें। इसे धीमी आंच पर सुगंधित होने तक भूनें।
इसके बाद कटा हुआ प्याज डालें और सुनहरा होने तक भूनें। अब इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और कुछ देर के लिए भूनें। फिर टमाटर-काजू का पेस्ट डालें और करीब एक मिनट तक पकाएं। इसके बाद धनिया पाउडर, जीरा पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला पाउडर और हल्दी डालें। इसे लगातार चलाते हुए भूनें और फिर इसमें दही तथा थोड़ा सा पानी डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब भुनी हुई फूलगोभी के टुकड़े और नमक डालें। इसे धीमी आंच पर 10-15 मिनट तक पकाएं। आखिर में इसमें कसूरी मेथी और मलाई डालें। इस तरह मसाला गोभी सब्जी बनकर तैयार है जिसे आप पराठा, तंदूरी रोटी या नान के साथ परोस सकते हैं।












