
कानपुर: उन्नाव जिले में दिल्ली से गोरखपुर जा रही प्राइवेट स्लीपर बस मंगलवार सुबह पांच बजे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक दरोगा समेत सात यात्रियों की मौत हो गई। वहीं, तीन पुलिसकर्मी समेत 24 यात्री घायल हुए हैं। हादसे के वक्त बस में 52 यात्री थे। बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि पलटने के बाद100 मीटर तक घिसती चली गई।
दिल्ली से गोरखपुर जा रही स्लीपर बस में कुल 52 यात्री सवार थे। तेज रफ्तार होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और बस पुलिया से टकराने के बाद पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। करीब आधे घंटे बाद यूपीडा कर्मी और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
24 घायल लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर
घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 24 घायलों को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। एसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि कुछ घयल यात्रियों की हालत गंभीर होने से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
सीएम योगी ने जताया शोक
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे का सीएम योगी ने संज्ञान लिया है। उन्होंने हादसे में हुईं मौतों पर गहरा शोक व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सीएम ने अधिकारियों को दुर्घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, प्रशासन को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के लिए कहा है। कहा कि मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।
मृतकों में ये हैं शामिल
शिवचरन राम, उप निरीक्षक, बिहार सीवान पुलिस।
सुरेश कुमार जायसवाल पुत्र राम आधार जायसवाल, निवासी मुंडेरा बाजार चौरा चौरा, गोरखपुर।
विदेशी गुप्ता पुत्र मिश्रीलाल गुप्ता, निवासी मधुपुर थाना पीपीगंज, गोरखपुर।
विजय कुमार पुत्र रामजीत, निवासी गोविंदपुर थाना कप्तानगंज, बस्ती।
एक अज्ञात बंदी।
एक महिला व अन्य अज्ञात यात्री।
हादसे में ये हुए हैं घायल
हादसे के घाायलों में गया, बिहार के वसीम (33) पुत्र शमसुद्दीन और देवरिया के गोलू (22) पुत्र धर्मेंद्र के साथ ही जहानाबाद, बिहार के रोहन (29) पुत्र सुरेन शामिल हैं। गोरखपुर क्षेत्र से जुड़े लोगों में बिसरोली के विनय पुत्र मुनिरका, कुसुमल बनी के अरुण कुमार (28), खदानी के सुरेंद्र कुमार (33) और अमरदीप (30) पुत्र प्रयाग गुप्ता शामिल हैं। इनके अलावा, शिकारपुर, बिहार के फरमान अंसारी (30) पुत्र मिखिल अंसारी, पीपरपाड़ी के शाहिद अख्तर पुत्र लाल मोहम्मद, बस्ती के सोम अली (28) पुत्र इंसान अली, दिल्ली के श्याम बिहार निवासी धनंजय (34) पुत्र बच्चन प्रसाद और बस्ती के ही विष्णु (25) पुत्र गंगाराम भी घायल हुए हैं। गोरखपुर के अन्य निवासियों में अरविंद (20) पुत्र शशिधर, राहुल (19) पुत्र त्रिलोकी और लेरब आलम (30) पुत्र मंजूर आलम शामिल हैं। साथ ही, महाराजगंज के टिकरा सुहागकुली निवासी धीरज (35), कुशीनगर के गणेश दीक्षित (19) पुत्र अशोक दीक्षित, कप्तानगंज (बस्ती) के आर्यन गुप्ता (12) पुत्र रामकुमार, गोरखपुर के परमजीत सिंह (28) पुत्र जितेंद्र यादव और उनकी पत्नी श्वेता यादव (25) भी शामिल हैं।





