
सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत जिले में घरेलू विवाद के चलते एक युवक ने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। यह वारदात गोहाना की सब्जी मंडी के पीछे स्थित एक किराए के मकान की है। आरोपी संदीप यहां अपनी पत्नी प्रियंका के साथ रहता था। हत्या की सूचना मिलने के बाद गोहाना शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जानें पूरा मामला
पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था।
इसी विवाद के दौरान संदीप ने कथित रूप से अपनी पत्नी प्रियंका की हत्या कर दी।
आरोप है कि हत्या के बाद उसने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई।
इसके लिए वह प्रियंका के शव को एक कट्टे में बंद कर गड्ढे में दबाने के लिए ले गया था।
आरोपी ने अपने दोस्त निजामुद्दीन से भी मदद मांगी थी। हालांकि, निजामुद्दीन ने इस काम में शामिल होने से साफ इनकार कर दिया।
दोस्त को दी जान से मारने की धमकी
आरोप है कि इसके बाद संदीप ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। डर के बावजूद निजामुद्दीन ने आरोपी का साथ देने के बजाय घर पहुंचकर डायल 112 पर पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दे दी। निजामुद्दीन ने बताया कि संदीप कूड़ा बीनने का काम करता था, जबकि वह खुद मजदूरी करता है। उसने कहा कि आरोपी शव को छिपाने की तैयारी में था, लेकिन उसने समय रहते पुलिस को सूचना देकर घटना का खुलासा कर दिया।
गड्ढे के पास से प्रियंका का शव बरामद
सूचना मिलते ही गोहाना शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गड्ढे के पास से प्रियंका का शव बरामद किया। पुलिस के अनुसार, शव कट्टे में बंद हालत में मिला। मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।





