डोनाल्ड ट्रंप का टैरिफ वॉर एक नए फेज में प्रवेश करता दिख रहा है. अमेरिका, चीन, यूरोपीय संघ और भारत सहित कई दूसरी इकोनॉमीज पर आयात शुल्क बढ़ाने की तैयारी कर रहा है. इसकी वजह यह चिंता है कि विदेशों में सरकार समर्थित औद्योगिक उत्पादन से अमेरिकी निर्माताओं को नुकसान हो रहा है. इस कदम से ग्लोबल मार्केट्स में नई अनिश्चितता पैदा हो सकती है. ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की 24 नवंबर की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर इस सप्ताह के भीतर ही महीनों से चल रही जांच के नतीजों की घोषणा कर सकते हैं. प्रस्तावित टैरिफ बदलावों से दर्जनों देश प्रभावित हो सकते हैं, खास बात तो ये है कि अकेले यूरोपीय यूनियन में ही 27 मेंबर देश शामिल हैं.

अमेरिका फिर से टैरिफ क्यों बढ़ाने की तैयारी कर रहा है?
11 मार्च 2026 को, वाशिंगटन ने 1974 के ‘यूएस ट्रेड एक्ट’ की धारा 301 के तहत 16 अर्थव्यवस्थाओं में अत्यधिक औद्योगिक उत्पादन की जांच शुरू की थी. ट्रंप प्रशासन का मानना है कि सरकारी सब्सिडी, सस्ते कर्ज और अन्य प्रकार की वित्तीय सहायता के कारण विदेशी मेकर्स बाजार की मांग से कहीं अधिक उत्पादन करते हैं. वे इन सामानों को इतनी कम कीमत पर बेचते हैं कि अमेरिकी कंपनियों के लिए उनके साथ प्रतिस्पर्धा करना मुश्किल हो जाता है. इस जांच के दायरे में चीन, यूरोपीय संघ, सिंगापुर, स्विट्जरलैंड, नॉर्वे, इंडोनेशिया, मलेशिया, कंबोडिया, थाईलैंड, दक्षिण कोरिया, वियतनाम, ताइवान, बांग्लादेश, मैक्सिको, जापान और भारत शामिल हैं.
अमेरिका के नए टैरिफ कितने ऊंचे हो सकते हैं?
‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ के अनुसार, जापान, दक्षिण कोरिया और यूरोपीय संघ के सदस्य देशों पर 15 प्रतिशत या उससे कम का टैरिफ लग सकता है. भारत और वियतनाम पर इससे अधिक दरें लागू हो सकती हैं, जो वाशिंगटन के साथ उनके व्यापारिक समझौतों पर निर्भर करेगा. अंतिम दरें, उत्पादों को मिलने वाली छूट और लागू होने की तारीखों की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है.
अमेरिका द्वारा टैरिफ में बढ़ोतरी: भारत के लिए इसका क्या मतलब है?
टैरिफ दरों को लेकर भारत को एक बार फिर बातचीत की मेज पर आना पड़ सकता है. फरवरी 2026 में, वाशिंगटन और नई दिल्ली ने एक व्यापार ढांचे की घोषणा की थी, जिसमें भारतीय सामानों पर 18 प्रतिशत का पारस्परिक टैरिफ लगाने की परिकल्पना की गई थी.
इस ताजा जांच में विशेष रूप से भारत की मैन्युफैक्चरिंग कैपेसिटी का आकलन किया गया है, जिसमें सोलर मॉड्यूल भी शामिल हैं. जिन उत्पादों पर ये नए शुल्क लगाए जाएंगे, उनके आधार पर कपड़ा, जूतेचप्पल, रसायन, इंजीनियरिंग सामान और रिन्युएबल एनर्जी कंपोनेंट्स जैसे सेक्टर्स के भारतीय एक्सपोर्टर्स पर दबाव बढ़ सकता है. आयात शुल्क बढ़ने से अमेरिकी खरीदारों के लिए भारतीय उत्पाद महंगे हो सकते हैं, निर्यातकों के मुनाफे पर दबाव पड़ सकता है और निर्यात पर निर्भर उद्योगों में रोजगार पर असर पड़ सकता है.
इसका वैश्विक असर क्या हो सकता है?
नए शुल्क अमेरिकी व्यवसायों के लिए लागत बढ़ा सकते हैं, कंज्यूमर्स के लिए कीमतें बढ़ा सकते हैं और इंटरनेशनल सप्लाई चेन को बाधित कर सकते हैं. कंपनियां अपने सोर्सिंग अनुबंधों और विनिर्माण निवेशों पर पुनर्विचार कर सकती हैं. बहुत कुछ इस बात पर निर्भर करेगा कि अंतिम शुल्क दरें क्या होती हैं और क्या प्रभावित व्यापारिक साझेदार जवाबी कदम उठाते हैं.