भारतीय बाजार में इस दिवाली एक नई और दमदार प्लगइन हाइब्रिड SUV दस्तक देने वाली है. JSW Motors और चीनी कंपनी Chery की पार्टनरशिप में Jetour T2 को भारत में लॉन्च किया जाएगा. यह कंपनी का भारतीय बाजार में पहला मॉडल होगा. इसकी सबसे बड़ी खासियत 1,000 किलोमीटर से ज्यादा की रेंज होगी. कंपनी इसे उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर ला रही है, जो इलेक्ट्रिक और पेट्रोल दोनों का फायदा एक ही गाड़ी में चाहते हैं.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, Jetour T2 को 2026 की दिवाली के आसपास भारतीय बाजार में लॉन्च किया जाएगा. इस SUV की असेंबली महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित JSW Motors के नए प्लांट में की जाएगी. शुरुआत में इसे 5सीटर लेआउट के साथ पेश किया जाएगा.
इन गाड़ियों से होगा मुकाबला
कीमत की बात करें तो Jetour T2 की एक्सशोरूम कीमत करीब 35 लाख से 45 लाख रुपये के बीच हो सकती है. इस कीमत में इसका कोई सीधा मुकाबला नहीं होगा, लेकिन इसकी कीमत Mahindra XUV 7XO, Tata Safari, Skoda Kodiaq, Jeep Meridian और Volkswagen Tayron जैसी प्रीमियम SUVs के करीब होगी. ऐसे में यह ग्राहकों के लिए एक नया विकल्प बन सकती है.
रफ्तार बड़ी खासियत
भारत में Jetour T2 को प्लगइन हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ उतारा जाएगा. इसमें 1.5 लीटर टर्बो GDi पेट्रोल इंजन, दो इलेक्ट्रिक मोटर और 26.7kWh LFP बैटरी पैक मिलेगा. यह सेटअप मिलकर 381bhp की पावर और 610Nm का टॉर्क पैदा करेगा. कंपनी का दावा है कि यह SUV 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार सिर्फ 7 सेकेंड में पकड़ सकती है. इसकी टॉप स्पीड 197 किलोमीटर प्रति घंटा होगी.
रेंज और चार्जिंग
इस SUV की सबसे बड़ी ताकत इसकी ड्राइविंग रेंज है. Jetour T2 सिर्फ बैटरी के दम पर 139 किलोमीटर तक चल सकती है. वहीं, जब पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर दोनों साथ काम करेंगे, तब यह 1,000 किलोमीटर से ज्यादा की कुल ड्राइविंग रेंज देने का दावा करती है. यानी लंबी दूरी की यात्रा के दौरान बारबार चार्जिंग या ईंधन भरवाने की जरूरत काफी कम हो सकती है. चार्जिंग की बात करें तो इसमें AC और DC दोनों तरह की फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलेगा. AC चार्जर से इसकी बैटरी 30% से 100% तक चार्ज होने में 4 घंटे से भी कम समय लेगी। वहीं, DC फास्ट चार्जर की मदद से बैटरी 30% से 80% तक सिर्फ 30 मिनट में चार्ज हो जाएगी.