Mike Smith Died: इंग्लैंड क्रिकेट जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। इंग्लैंड के पूर्व टेस्ट कप्तान माइक स्मिथ का 92 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की जानकारी उनके पूर्व काउंटी क्लब वारविकशायर काउंटी क्रिकेट क्लब ने 18 मई को दी। स्मिथ के निधन से क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। चश्मा पहनकर बल्लेबाजी करने वाले माइक स्मिथ MJK के नाम से भी मशहूर थे। उन्होंने इंग्लैंड के लिए 50 टेस्ट मैच खेले और 25 मुकाबलों में टीम की कप्तानी भी की। खास बात यह रही कि वह सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, बल्कि रग्बी यूनियन में भी इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व कर चुके थे। उन्होंने 1956 में वेल्स के खिलाफ इंग्लैंड के लिए एक इंटरनेशनल रग्बी मैच भी खेला था।

भारत के खिलाफ जड़ा पहला शतक
माइक स्मिथ ने 1958 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था, जबकि अपना आखिरी टेस्ट मैच 1972 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला। अपने शानदार फर्स्ट क्लास करियर में उन्होंने लगभग 40 हजार रन बनाए और 72 शतक जड़े, जिनमें से तीन टेस्ट क्रिकेट में आए। स्मिथ ने 1959 में भारत के खिलाफ ओल्ड ट्रैफर्ड में अपना पहला इंटरनेशनल शतक लगाया था।
मिडिल ऑर्डर में आने के बाद उनका बल्लेबाजी करियर और भी चमक उठा। कप्तान के तौर पर भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा। 1963-64 में भारत दौरे से शुरू हुई उनकी टेस्ट कप्तानी के दौरान इंग्लैंड ने 25 मैचों में 5 जीत दर्ज कीं, जबकि 17 मुकाबले ड्रॉ रहे। उनकी कप्तानी में इंग्लैंड को सिर्फ तीन हार का सामना करना पड़ा।
Khabar Monkey
वारविकशायर क्लब में निभाई अहम भूमिका
क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी स्मिथ खेल से जुड़े रहे। पहले उन्होंने रेफरी की भूमिका निभाई और बाद में 1991 से 2003 तक वारविकशायर क्लब के चेयरमैन बने। उनके कार्यकाल को क्लब का गोल्डन एरा माना जाता है। इस दौरान क्लब ने सात बड़े खिताब जीते, जिनमें लगातार दो काउंटी चैंपियनशिप ट्रॉफी भी शामिल थीं।
18 मई को वारविकशायर और ग्लैमॉर्गन के बीच खेले जा रहे काउंटी चैंपियनशिप मैच के चौथे दिन खेल शुरू होने से पहले माइक स्मिथ को श्रद्धांजलि देने के लिए एक मिनट का मौन रखा गया। वारविकशायर क्लब ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- वारविकशायर काउंटी क्रिकेट क्लब को यह बताते हुए दुख हो रहा है कि हमारे दिग्गज MJK स्मिथ का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया।





