Noida Child Drowning Case: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में प्राधिकरण की कथित लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। नॉलेज पार्क2 स्थित कलाधाम सोसाइटी में शनिवार शाम क्रिकेट खेल रहे 6 वर्षीय मासूम आव्यान की पानी से भरे 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरने से मौत हो गई। गड्ढा बोरिंग के लिए खोदा गया था, लेकिन उसके चारों ओर न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था।

दोस्तों के शोर पर पहुंचे लोग
बताया गया कि शाम करीब 6:30 बजे आव्यान अपने दोस्तों के साथ घर से करीब 100 मीटर दूर खेल रहा था। खेलतेखेलते वह पानी से भरे गड्ढे के पास पहुंच गया। बारिश और कीचड़ के कारण उसका पैर फिसल गया और वह गड्ढे में जा गिरा। साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता बोले मेरे बच्चे का क्या कसूर था
मृतक के पिता शिवान यादव केंद्रीय विद्यालय में वाइस प्रिंसिपल हैं। बेटे की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की लापरवाही ने उनके मासूम बेटे की जान ले ली। उनका सवाल है कि बिना सुरक्षा इंतजाम के इतना गहरा गड्ढा क्यों छोड़ा गया? आखिर उनके बेटे की क्या गलती थी।
मां बेसुध, परिवार में मातम
मासूम की मौत के बाद मां का रोरोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक वह बारबार बेटे को याद कर बेहोश हो रही हैं। पोस्टमॉर्टम के बाद जब शव घर पहुंचा तो मां उससे लिपटकर रोती रहीं और अंतिम विदाई देने तक तैयार नहीं थीं। 9 वर्षीय बड़ा भाई भी पूरे समय पिता और मां के साथ बिलखता रहा।
लापरवाही पर FIR, तीन गिरफ्तार
हादसे के बाद ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण ने ठेकेदार मनोज जैन, संविदा कर्मी सुपरवाइजर जॉनी और टेक्निकल सुपरवाइजर आकाश के खिलाफ FIR दर्ज कराई। तीनों की सेवाएं समाप्त कर दी गईं और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद गड्ढे के चारों ओर बैरिकेडिंग भी कर दी गई।
लोगों में आक्रोश, जिम्मेदारों पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के इंतजाम किए गए होते तो यह हादसा टाला जा सकता था। परिवार ने इस घटना को महज हादसा नहीं बल्कि गंभीर लापरवाही का परिणाम बताया है। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।