पंजाब के लुधियाना से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशिंदर कौर का शव नहर में पड़ा मिला है। छह दिन पहले कथित तौर पर बंदूक की नोक पर उन्हें अगवा किया गया था और अब 19 मई सुबह करीब 11 बजे उनका शव नहर से बरामद हुआ।

पुलिस और परिवार के मुताबिक, 29 वर्षीय इंदर कौर 13 मई से लापता थीं। परिवार का आरोप है कि उनका जबरन अपहरण किया गया था और उन पर शादी के लिए दबाव बनाया जा रहा था। परिजनों का कहना है कि शादी से इनकार करने पर उनकी हत्या कर दी गई।
इंदर कौर के भाई के अनुसार, 13 मई की शाम करीब 6:30 बजे वह घर से कार लेकर घरेलू सामान खरीदने निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। काफी तलाश के बाद भी जब उनसे संपर्क नहीं हो पाया तो परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
Khabar Monkey
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सिंगर की पहचान सुखविंदर सिंह नाम के एक युवक से थी, जो मोगा का रहने वाला है और फिलहाल कनाडा में रह रहा है।
परिवार ने आरोप लगाया कि सुखविंदर सिंह पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं, इसके बावजूद वह इंदर कौर पर शादी का दबाव बना रहा था। परिजनों का दावा है कि आरोपी ने कनाडा से ही पूरी साजिश रची और वारदात को अंजाम देने के बाद विदेश भाग गया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अपहरण, जबरन शादी के दबाव और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है।





