बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह पहले ‘धुरंधर’ की सक्सेस को लेकर चर्चा में बने हुए थे और अब वह ‘डॉन 3’ विवाद की वजह से लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। यह विवाद तब और बढ़ गया जब फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉईज ने रणवीर के खिलाफ गैर-सहयोग (नॉन-कोऑपरेशन) निर्देश जारी कर दिया। अब वैराइटी की खबर के अनुसार, इस मेडिएशन में शामिल कुछ लोगों ने बताया है कि बंद कमरों में हुई बैठकों में आखिर क्या चर्चा हुई थी।

फरहान ने की 45 करोड़ के हर्जाने की मांग
बता दें कि ‘डॉन 3’ के प्रोड्यूसर्स फरहान और रितेश सिधवानी ने कहा कि रणवीर ने फिल्म के लिए हामी भरी, जिसके बाद प्रोडक्शन हाउस ने प्री-प्रोडक्शन पर काफी पैसा खर्च कर दिया। एक्सेल एंटरटेनमेंट ने रणवीर से करीब 45 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की। हालांकि, दोनों पक्षों ने इस पर अलग-अलग कहानी बताई कि अगस्त 2023 में बड़े धूमधाम से घोषित हुई यह साझेदारी आखिर शूटिंग शुरू होने से सिर्फ तीन हफ्ते पहले क्यों टूट गई।
शुरू से लेकर आखिर तक क्या हुआ
अब इस मामले से जुड़े लोगों के मुताबिक, घटनाक्रम कुछ इस तरह था कि 19 अप्रैल 2023 को एक्सेल एंटरटेनमेंट ने अपने खर्च पर रणवीर सिंह के साथ फिल्म का फर्स्ट-लुक वीडियो शूट किया। 9 अगस्त, 2023 को यह वीडियो सार्वजनिक किया गया और रणवीर सिंह ने भी इसे अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया। दिलचस्प बात यह है कि रणवीर को नए ‘डॉन’ के रूप में घोषित किए जाने के एक साल बाद 7 अगस्त, 2024 को दोनों पक्षों के बीच काम की मुख्य शर्तों वाला टर्म शीट साइन हुआ।
फिर फिल्म का लॉन्ग-फॉर्म एग्रीमेंट दोनों पक्षों के बीच बातचीत का विषय बना रहा और पूरी तरह तय नहीं हो पाया। यानी, रणवीर सिंह को आधिकारिक तौर पर ‘डॉन 3’ का चेहरा घोषित कर दिया गया था, लेकिन कानूनी और व्यावसायिक समझौते की प्रक्रिया काफी समय तक अधूरी रही, जो बाद में विवाद की एक बड़ी वजह बनी।
फिर 25 मार्च, 2025 को एक्सेल एंटरटेनमेंट ने रणवीर सिंह की टीम को स्क्रिप्ट का नया ड्राफ्ट भेजा। 25 अगस्त, 2025 को प्रोडक्शन हाउस ने पूरा शूटिंग शेड्यूल साझा किया, जिसमें एक्शन ट्रेनिंग, कॉस्ट्यूम ट्रायल और 9 जनवरी, 2026 से जुलाई 2026 तक की शूटिंग योजना शामिल थी। इसके बाद रणवीर ने 3 से 12 नवंबर, 2025 के बीच एक्शन ट्रेनिंग पूरी की, जिसका खर्च एक्सेल एंटरटेनमेंट ने उठाया।
17, 18, 23 और 24 नवंबर को तय की गई एक्शन रिहर्सल्स रणवीर की टीम की तरफ से रद्द कर दी गईं। हालांकि, रणवीर 27 नवंबर को कॉस्ट्यूम ट्रायल में शामिल हुए। फिर 5 दिसंबर 2025 को, जिस दिन रणवीर की फिल्म ‘धुरंधर’ रिलीज हुई, उनकी टीम ने प्रोडक्शन को बताया कि वह 11 और 12 दिसंबर की रिहर्सल्स में उपलब्ध नहीं रहेंगे।
इस बीच, आदित्य धर के निर्देशन में बनी “धुरंधर” जबरदस्त ब्लॉकबस्टर साबित हुई और भारतीय सिनेमा की अब तक की पांचवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई। इसके बाद 15 और 16 दिसंबर, 2025 को रणवीर सिंह ने फरहान अख्तर और बाकी कलाकारों के साथ स्क्रिप्ट रीडिंग में हिस्सा लिया। मौजूद लोगों के मुताबिक, उन्होंने फिल्म को लेकर काफी उत्साह दिखाया था।
हालांकि, 17 दिसंबर को होने वाला लुक टेस्ट आखिरी समय पर रद्द हो गया। फिर 20 दिसंबर, 2025 को रणवीर ने फोन पर निर्माताओं को बताया कि वह ”डॉन 3′ छोड़ रहे हैं। तब तक उनकी फिल्म ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा चुकी थी।
मेडिएशन में क्या हुआ?
एक्सेल एंटरटेनमेंट ने मामला प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के सामने रखा, जिसके बाद कई दौर की बैठकों का आयोजन हुआ। पहली बैठकों में रणवीर मौजूद नहीं थे, लेकिन रिपोर्ट के अनुसार, इसमें सलमान खान, ऋतिक रोशन, करण जौहर और आलिया भट्ट जैसे बड़े नाम शामिल हुए। बाद में एक संयुक्त बैठक हुई, जिसमें रणवीर और एक्सेल दोनों पक्ष मौजूद थे। इस बैठक में आमिर खान, अनिल कपूर, रोहित शेट्टी, राजकुमार हिरानी, आशुतोष गोवारिकर, सिद्धार्थ रॉय कपूर और अजीत अंधारे जैसे दिग्गज भी शामिल हुए।
रणवीर सिंह ने लगाए यह आरोप
बैठक में रणवीर करीब 90 मिनट तक बोले और उन्होंने चार मुख्य शिकायतें रखीं। स्क्रिप्ट उनकी उम्मीदों के मुताबिक नहीं थी। फरहान अख्तर रचनात्मक चर्चा के लिए पर्याप्त समय नहीं दे रहे थे। उनकी फीस कम करने की कोशिश की गई और फिल्म का बजट पहले बताए गए 300-350 करोड़ रुपये से घटाकर करीब 150 करोड़ रुपये कर दिया गया, जो उनके मुताबिक ‘डॉन’ जैसी फ्रेंचाइजी के लिए कम था। साथ ही रणवीर ने यह भी कहा कि उन्हें कोई साइनिंग अमाउंट नहीं मिला था।
एक्सेल एंटरटेनमेंट ने दिया रणवीर को जवाब
फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी बैठक में कई सालों की व्हाट्सऐप चैट्स लेकर पहुंचे। इन रिकॉर्ड्स में कथित तौर पर रणवीर स्क्रिप्ट के अलग-अलग ड्राफ्ट्स की तारीफ करते और सकारात्मक प्रतिक्रिया देते दिखाई दिए। इस वजह से वहां मौजूद कई लोगों को लगा कि स्क्रिप्ट से असंतुष्ट होने वाला रणवीर का दावा रिकॉर्ड्स से मेल नहीं खाता।
सिधवानी ने यह भी कहा कि रणवीर की फीस आधिकारिक तौर पर कभी कम नहीं की गई।
बजट और फरहान की उपलब्धता से जुड़े आरोप भी सही नहीं हैं। बैठक में मौजूद लोगों के अनुसार, उपलब्ध दस्तावेजों ने रणवीर के अधिकांश आरोपों का जवाब दे दिया था। साथ ही रितेश ने रणवीर से पूछा कि अगर धुरंधर हिट नहीं होती, तो क्या आप डॉन 3 छोड़ते? मौजूद लोगों के मुताबिक, रणवीर ने जवाब दिया कि नहीं।
45 करोड़ रुपये का नुकसान कैसे निकाला गया?
विवाद के दौरान एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय अकाउंटिंग फर्म से ऑडिट कराया गया। ऑडिट में लगभग 45 करोड़ रुपये के खर्च का दावा किया गया, जिसमें विदेशों में लोकेशन रेकी ट्रिप्स, स्क्रिप्ट और लेखन पर खर्च, कलाकारों और तकनीकी टीम में बदलाव और जनवरी शूट के लिए पहले से अनुबंधित 200 से ज्यादा कर्मचारियों की लागत शामिल थी।
रणवीर और फरहान के बीच समझौते की कोशिश
रिपोर्ट के अनुसार रणवीर ने कथित तौर पर समझौते के लिए प्रस्ताव दिया। पहला तुरंत 10 करोड़ रुपये देना और दूसरा भविष्य में एक्सेल के साथ किसी फिल्म में अपनी फीस पर 25% छूट देना, लेकिन निर्माताओं ने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया। उनका कहना था कि उन्हें भविष्य की छूट नहीं, बल्कि हुए नुकसान की भरपाई चाहिए।
Khabar Monkey
मामला FWICE तक कैसे पहुंचा?
दोनों पक्षों के बीच न के बाद मामला पहले IFTDA और फिर FWICE तक पहुंचा। इसके बाद FWICE ने 25 मई को नॉन-कोऑपरेशन नोटिस जारी किया। इसका मतलब कानूनी बैन नहीं है, लेकिन संगठन ने अपने सदस्यों से कहा कि विवाद सुलझने तक रणवीर सिंह की परियोजनाओं में काम न करें।
CINTAA का समर्थन
रणवीर सिंह की सदस्यता वाले कलाकार संगठन CINTAA ने उनका समर्थन किया। उपाध्यक्ष पद्मिनी कोल्हापुरे ने कहा, “हमें रणवीर सिंह पर गर्व है और जरूरत पड़ने पर हम उनके साथ खड़े हैं।” वहीं अध्यक्ष पूनम ढिल्लों ने कहा कि उन्हें इस विवाद में मध्यस्थता का मौका ही नहीं दिया गया।
अभी स्थिति क्या है?
फिलहाल रणवीर सिंह और एक्सेल एंटरटेनमेंट के बीच कोई समझौता नहीं हुआ है। दोनों पक्ष अपनी-अपनी बात पर कायम हैं और मामला स्टेलमेट की स्थिति में बना हुआ है।












