बारिश का मौसम जल्द ही दस्तक देने वाला है। इस सुहावने मौसम में भारी या ज्यादा तेल-मसाले वाला खाना खाने से पेट दिनभर के लिए खराब हो सकता है। इसलिए बेहतर होगा कि आप अपने दिन की शुरुआत किसी हल्के-फुल्के नाश्ते से करें। आमतौर पर हल्के नाश्ते के नाम पर लोग पोहा, दलिया या पराठे जैसी चीजें ही खाते हैं, लेकिन अगर आप रोज-रोज वही सब खाकर ऊब चुके हैं, तो इस बार यह टेस्टी पोहा कटलेट ट्राई कर सकते हैं। यह खाने में हल्का, पोषण से भरपूर और बेहद स्वादिष्ट है।
सामग्री

1 कप पोहा, 1 उबला हुआ मीडियम आलू, 2-3 चम्मच कॉर्न, 1 छोटा प्याज (बारीक कटा हुआ), कद्दूकस की हुई गाजर, 1 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई), 1 चम्मच हरा धनिया, 1/2 चम्मच जीरा पाउडर, 1/2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर या चिली फ्लेक्स, 1/4 चम्मच गरम मसाला, स्वादानुसार नमक, 1 चम्मच सूजी (रवा) या चावल का आटा और तलने के लिए तेल।
इसे भी पढ़ें:
बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले पोहा को अच्छी तरह धोकर 2-3 मिनट के लिए भिगो दें, फिर इसका सारा एक्स्ट्रा पानी छानकर निकाल लें।
अब एक बड़े बर्तन में भीगा हुआ पोहा, मैश किया हुआ उबला आलू, कॉर्न, प्याज, गाजर, हरी मिर्च, हरा धनिया और सारे मसाले डालें।
इसके बाद इसमें सूजी या चावल का आटा मिलाएं और सभी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लें।
अब इस मिक्चर से छोटे-छोटे कटलेट तैयार करें और तवे पर थोड़ा सा तेल डालकर दोनों तरफ से क्रिस्पी होने तक शैलो फ्राई कर लें।
अगर आप कम तेल का खाना पसंद करते हैं, तो इसे 180°C पर 12 मिनट के लिए एयर फ्राई भी कर सकते हैं (6 मिनट बाद कटलेट को पलट दें)।
आपके गरमागरम और कुरकुरे पोहा कटलेट तैयार हैं, इन्हें हरी चटनी या टोमैटो केचप के साथ मजे से खाएं।
Khabar Monkey












