धनतेरस से करीब 96 घंटे पहले दिल्ली में सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है. जिसकी वजह से देश की राजधानी दिल्ली में सोने के दाम 1.42 लाख रुपए प्रति दस ग्राम से नीचे आ गए हैं. रिपोर्ट के अनुसार राजधानी दिल्ली में में सोने की कीमतों में 700 रुपए की गिरावट आई और यह 1.41 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया. ग्लोबल लेवल पर बिकवाली और कच्चे तेल की कीमतों में सुधार के कारण निवेशक सतर्क हो गए हैं.

दिल्ली सस्ता हुआ सोना और चांदी
ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत सोमवार के 1,42,500 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर से 700 रुपए गिरकर 1,41,800 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई. चांदी, जो पिछले सत्र में स्थिर रही थी, उसमें भी गिरावट आई. यह पिछले सत्र के 1.86 लाख रुपए प्रति किलोग्राम से 2,000 रुपए गिरकर 1.84 लाख रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई.
दिल्ली में क्यों सस्ता हुआ सोना और चांदी
HDFC सिक्योरिटीज के कमोडिटी सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कहा कि कमजोर वैश्विक संकेतों और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में सुधार के बीच मंगलवार को सोने की कीमतों में आई तेजी कम हो गई. उन्होंने कहा कि हालांकि, आने वाला त्योहारी सीजन घरेलू बाजार में सोनेचांदी की कीमतों को सहारा दे सकता है. धनतेरस और दिवाली से पहले आभूषणों की खरीदारी में तेजी आने की उम्मीद है, क्योंकि इन मौकों पर सोना खरीदना शुभ माना जाता है.
विदेशी बाजारों में भी कमजोर
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, स्पॉट गोल्ड 41.19 USD गिरकर 3,905.44 USD प्रति औंस पर आ गया, जबकि चांदी 3 प्रतिशत से अधिक गिरकर 48.97 USD प्रति औंस पर पहुंच गई. LKP सिक्योरिटीज के कमोडिटी और करेंसी रिसर्च एनालिस्ट जतिन त्रिवेदी ने कहा कि सोने की कीमतों में भारी गिरावट देखी गई क्योंकि ट्रेडर्स ने मुनाफावसूली जारी रखी, जिससे सोनेचांदी पर दबाव बना रहा.
किसका इंतजार कर रहे हैं निवेशक
उन्होंने आगे कहा कि इस बिकवाली ने कीमतों को ‘ओवरसोल्ड’ स्तर के करीब पहुंचा दिया है. हालांकि, कीमतों में लगातार सुधार नई खरीदारी और वैश्विक संकेतों पर निर्भर करेगा. त्रिवेदी ने कहा कि निवेशक अमेरिका से जुड़े अहम घटनाक्रमों का इंतजार कर रहे हैं, जिनमें आज आने वाले चुनाव परिणाम, बेरोजगारी के आंकड़े और ‘नॉनफार्म पेरोल’ डेटा शामिल हैं. इनसे फेडरल रिजर्व की भविष्य की नीति के बारे में नए संकेत मिल सकते हैं.