दुनिया के कई बड़े शहर पर्यावरण संबंधी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। यह समस्या भूजल निकालने, तेज निर्माण और जलवायु परिवर्तन के कारण हो रही है। कई बड़े शहर उम्मीद से ज्यादा तेजी से नीचे धंसते जा रहे हैं। इन शहरों में आबादी भी बहुत ज्यादा है। जैसे-जैसे जमीन नीचे जा रही है और समुद्र का स्तर बढ़ रहा है, बाढ़ का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है।

जकार्ता पर मंडरा रहा सबसे बड़ा संकट
जकार्ता दुनिया के सबसे तेजी से धंसने वाले शहरों में से एक है। यहाँ कुछ जगहों पर जमीन हर साल 20 सेंटीमीटर से ज्यादा नीचे जा रही है। ज्यादा भूजल निकालने से जमीन कमजोर हो गई है। यह शहर नरम जमीन पर बसा है, जिससे समस्या और बढ़ती है।
इसी कारण सरकार नई राजधानी ‘नुसंतारा’ बनाने की योजना बना रही है। बता दें कि इंडोनेशिया दुनिया में सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी वाला देश है और जकार्ता उसकी वर्तमान राजधानी है।
ढाका – बेतहाशा आबादी और नरम जमीन
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में आबादी तेजी से बढ़ रही है, बिना योजना के निर्माण हो रहा है और पानी भी ज्यादा निकाला जा रहा है। यह शहर नरम जमीन (डेल्टा क्षेत्र) पर है, इसलिए यहाँ धंसने और बाढ़ दोनों का खतरा है, खासकर बारिश के मौसम में।
बैंकॉक – समुद्र स्तर के बेहद करीब
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में भी ऐसी ही समस्या है। यह शहर तेजी से फैला और यहाँ निर्माण के नियम सख्त नहीं थे। ज्यादा पानी निकालने से जमीन कमजोर हो गई है। यह शहर समुद्र से सिर्फ कुछ मीटर ऊपर है, जिससे खतरा और बढ़ जाता है।
वेनिस – ऐतिहासिक शहर की जंग
वेनिस कई सालों से धंस रहा है। यह शहर लकड़ी के खंभों पर बना है जो नरम जमीन में गड़े हुए हैं। समुद्र का स्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। शहर को बचाने के लिए MOSE प्रोजेक्ट के तहत बैरियर लगाए गए हैं, लेकिन समस्या अभी भी बनी हुई है।
मेक्सिको सिटी – सूखी झील पर बसा शहर
मेक्सिको सिटी एक सूखी झील के ऊपर बसा है। यहाँ की मिट्टी नरम और दबने वाली है। तेजी से बढ़ती आबादी और ज्यादा पानी निकालने से जमीन तेजी से नीचे जा रही है। कुछ जगहों पर यह हर साल 30 सेंटीमीटर तक धंस रही है।
शंघाई और मनीला की चुनौतियां
चीन का शंघाई बहुत तेजी से एक बड़ा आर्थिक शहर बना। तेजी से निर्माण और पानी निकालने से जमीन कमजोर हुई। सरकार के नियमों से धंसने की रफ्तार कुछ कम हुई है, लेकिन समस्या अभी भी है। वहीं फिलीपींस के मनीला में कई सालों से भूजल निकालने के कारण जमीन धंस रही है। आसपास के इलाकों में तूफानों के कारण बाढ़ भी आती है। जमीन और नीचे जाने से लोगों के लिए खतरा बढ़ रहा है।
Khabar Monkey
हो ची मिन्ह सिटी – विकास की बड़ी कीमत
वियतनाम के इस शहर में तेजी से विकास हो रहा है और पानी की मांग बढ़ रही है। इससे कई इलाकों में जमीन धंस रही है। भविष्य के खतरे को देखते हुए शहर अब नई योजनाएं बना रहा है।





