Delhi Crime News: दिल्ली में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब पुलिस थाने के अंदर भी पुलिसकर्मी सुरक्षित नहीं हैं. ताजा मामला पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद थाने का है, जहां पूछताछ के दौरान एक शख्स ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया. इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए. इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस को गोली चलानी पड़ी. बताया जा रहा है कि उसको 6 गोली लगी है. उसकी भी हालत गंभीर है.

परिवार की शिकायत पर थाने बुलाया गया था आरोपी
आरोपी की पहचान नबील के रूप में हुई है. उसके खिलाफ पुलिस को शिकायत मिली थी कि वह अपनी मां और बहन को परेशान करता है. इसी शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने सोमवार को उसे पूछताछ के लिए जामा मस्जिद थाने बुलाया था. पुलिसकर्मी उससे परिवार से जुड़े विवाद को लेकर पूछताछ कर रहे थे. इसी दौरान अचानक उसने चाकू निकाल लिया और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया.
दोपहर ढाई बजे हुई वारदात
बताया जा रहा कि यह पूरी घटना दोपहर करीब ढाई बजे हुई. थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों को आरोपी ने संभलने का मौका तक नहीं दिया और उन पर चाकू से वार करने शुरू कर दिए. इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए. उनके चेहरे और गर्दन पर चोटें आई हैं. अचानक हुए इस हमले से थाने में अफरातफरी मच गई.
3 पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर
घटना के बाद सभी घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. तीन पुलिसकर्मियों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो अन्य पुलिसकर्मियों का संजीवनी अस्पताल में इलाज चल रहा है. डॉक्टरों की टीम घायलों की निगरानी कर रही है.
थाने से भागकर चुराई बाइक
हमले के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया. बताया जा रहा कि भागने के लिए उसने एक दोपहिया वाहन भी चुरा लिया था. हालांकि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी ने अचानक पुलिसकर्मियों पर हमला क्यों किया और उसके पास चाकू कहां से आया था.