फिल्ममेकर फराह खान और उनके कुक से यूट्यूब स्टार बने दिलीप की जोड़ी इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब पसंद की जा रही है। दोनों की मजेदार नोकझोंक वाले व्लॉग्स इंटरनेट पर धमाल मचा रहे हैं। इस सफलता ने जहां उन्हें जबरदस्त लोकप्रियता दिलाई है, वहीं कमाई के नए रास्ते भी खोल दिए हैं। अब फराह ने खुद माना है कि दिलीप उनके लिए “लकी” साबित हुए हैं।

हाल ही में फराह और दिलीप अभिनेता समर्थ जुरेल के नए घर पहुंचे। घर देखते ही फराह ने उसकी जमकर तारीफ की और मजाक में दिलीप से कहा कि एक दिन उसका भी ऐसा शानदार घर होगा। इस पर दिलीप ने तुरंत जवाब दिया कि उसका घर इससे भी बड़ा है। दिलीप की बात सुनकर फराह हैरान रह गईं और मजाकिया अंदाज में उसे चुप कराने लगीं।
समर्थ ने भी दिलीप के घर की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने उसका घर देखा है और वह वाकई काफी बड़ा है। इस पर फराह ने बताया कि दिलीप का घर अभी बन रहा है और वह किसी महल से कम नहीं लग रहा। बातचीत के दौरान पता चला कि जहां फराह का घर तीन मंजिला है, वहीं दिलीप चार मंजिला मकान बनवा रहे हैं।
समर्थ ने दिलीप की बढ़ती लोकप्रियता का जिक्र करते हुए फराह से कहा कि वह उनके लिए काफी लकी हैं। फराह ने भी हंसते हुए इस बात को मान लिया। हालांकि उन्होंने मजाक में यह भी कह दिया कि अब दिलीप अपनी सैलरी बढ़ाने की मांग करेंगे।
इससे पहले भी फराह अपने व्लॉग्स में बता चुकी हैं कि दिलीप को यूट्यूब से अच्छी-खासी अतिरिक्त कमाई होती है। एक एपिसोड में अभिनेत्री श्रुति हासन ने जब पूछा था कि क्या दिलीप को वीडियो से अलग पैसे मिलते हैं, तो फराह ने कहा था कि उसकी कमाई काफी शानदार है।
Khabar Monkey
फराह यह भी खुलासा कर चुकी हैं कि दिलीप के बिहार स्थित घर में कई कमरे हैं और यूट्यूब की सफलता के बाद उन्होंने दिलीप के बच्चों का दाखिला इंग्लिश मीडियम स्कूल में भी करा दिया है।





