जियो प्लेटफॉर्म्स की बहुप्रतीक्षित लिस्टिंग के साथ, मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाला रिलायंस ग्रुप, टाटा ग्रुप को पीछे छोड़कर, कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन के मामले में भारत का सबसे बड़ा ग्रुप बनने की राह पर है. यह अनुमान जियो प्लेटफॉर्म्स के वैल्यूएशन पर बेस्ड है. जियो प्लेटफॉर्म्स, रिलायंस ग्रुप की 13वीं लिस्टेड कंपनी बन जाएगी. अभी रिलायंस ग्रुप में टाटा ग्रुप की तुलना में कम लिस्टेड कंपनियां हैं. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर मुकेश अंबानी का रिलायंस ग्रुप किस तरह से टाटा ग्रुप को पीछे छोड़ सकता है. साथ ही इसमें जियो आईपीओ का कितना बड़ा हाथ हो सकता है.

28 लाख करोड़ रुपए ग्रुप बन जाएगा रिलायंस
शुक्रवार, 16 अक्टूबर तक, यानी पिछले हफ्ते के आखिरी कारोबारी तक रिलायंस ग्रुप का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन 18.05 लाख करोड़ रुपए था. इसमें सबसे बड़ा योगदान भारत की सबसे बड़ी कंपनी, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड का था, जिसका मार्केट कैपिटलाइजेशन 16.37 लाख करोड़ रुपए है. जियो फाइनेंशियल सर्विसेज का योगदान 1.43 लाख करोड़ रुपए रहा. 10.30 लाख करोड़ रुपए के अनुमानित मार्केट कैपिटलाइजेशन के साथ, जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग से रिलायंस ग्रुप का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन बढ़कर 28.35 लाख करोड़ रुपए हो जाएगा. ग्रुप की अन्य लिस्टेड कंपनियों जैसे आलोक इंडस्ट्रीज, डेन नेटवर्क्स, हैथवे भवानी केबलटेल एंड डेटाकॉम, हैथवे केबल एंड डेटाकॉम, जस्ट डायल, नेटवर्क18 मीडिया, जीटीपीएल हैथवे और एसडब्ल्यू सोलर का कुल वैल्यूएशन में योगदान अपेक्षाकृत कम है.
ऐसे में पीछे छूट जाएगा टाटा ग्रुप
जियो की लिस्टिंग के बाद टाटा ग्रुप के मार्केट को बड़ी चुनौती मिलेगी. उसका कारण भी है. टाटा ग्रुप की 27 लिस्टेड कंपनियों का संयुक्त मार्केट कैपिटलाइजेशन 25.92 लाख करोड़ रुपए देखने को मिला था. ऐसे में जियो लिस्टिंग के बाद रिलायंस ग्रुप का मार्केट कैप टाटा ग्रुप के मुकाबले में 2 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा हो जाएगा. अगर टाटा ग्रुप की कंपनियों के मार्केट कैप की बात करें तो टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज , टाइटन कंपनी , टाटा स्टील , ट्रेंट , टाटा मोटर्स , टाटा कैपिटल , टाटा पावर और इंडियन होटल्स का सबसे बड़ा योगदान रहा.
अडानी ग्रुप भी कम नहीं
अडानी ग्रुप 17.23 लाख करोड़ रुपए के संयुक्त मार्केट कैपिटलाइजेशन के साथ तीसरे स्थान पर रहा. अडानी पोर्ट्स , अडानी एंटरप्राइजेज , अडानी पावर , अडानी ग्रीन एनर्जी और अंबुजा सीमेंट्स इस समूह की सबसे बड़ी लिस्टेड कंपनियों में शामिल थीं.
चौथे नंबर पर है HDFC ग्रुप
केवल चार लिस्टेड कंपनियों के साथ, HDFC ग्रुप भारत के प्रमुख कारोबारी समूहों में चौथे स्थान पर रहा, जिसका कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन लगभग 13.9 लाख करोड़ रुपए है. इसमें सबसे बड़ा योगदान HDFC बैंक का रहा, जिसकी वैल्यू 11.22 लाख करोड़ रुपए है. बाकी हिस्से में HDFC लाइफ इंश्योरेंस , HDFC एसेट मैनेजमेंट कंपनी और HDB फाइनेंशियल सर्विसेज शामिल हैं.
10 लाख करोड़ रुपए का है आदित्य बिड़ला ग्रुप
आदित्य बिड़ला ग्रुप 10.20 लाख करोड़ रुपए से अधिक के कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन के साथ पांचवें स्थान पर रहा. इसमें अल्ट्राटेक सीमेंट , हिंडाल्को इंडस्ट्रीज , ग्रासिम इंडस्ट्रीज , वोडाफोन आइडिया और आदित्य बिड़ला कैपिटल का प्रमुख योगदान रहा. इस समूह की छह अन्य कंपनियां भी भारतीय स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्टेड हैं.