जापान। जापान में प्रधानमंत्री साने ताकाइची की सरकार के खिलाफ विरोध तेज होता नजर आ रहा है। राजधानी टोक्यो समेत कई जगहों पर हजारों लोग सड़कों पर उतरकर सरकार के फैसलों और नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों, शांति और सरकार की जवाबदेही को लेकर आवाज बुलंद की है।

प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा प्रधानमंत्री ताकाइची की जापान के शांतिवादी संविधान में संशोधन करने और सैन्य ताकत बढ़ाने की योजनाएं हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, प्रदर्शन में करीब 13 हजार लोग शामिल हुए और उन्होंने संविधान की रक्षा, युद्ध की तैयारियां रोकने तथा परमाणु हथियारों से जुड़ी नीति में बदलाव का विरोध किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जापान का संविधान देश को युद्ध से दूर रखने की नीति पर आधारित है। खास तौर पर संविधान के अनुच्छेद 9 में युद्ध को त्यागने और अंतरराष्ट्रीय विवादों में बल प्रयोग न करने की बात कही गई है। लोगों को आशंका है कि सरकार के प्रस्तावित बदलाव जापान की दशकों पुरानी शांतिवादी नीति को कमजोर कर सकते हैं।
प्रदर्शनकारियों ने ‘संविधान की रक्षा करो’, ‘युद्ध की तैयारियां बंद करो’ और ‘तीन गैरपरमाणु सिद्धांतों में कोई अपवाद नहीं’ जैसे नारे लगाए। विरोध के जरिए सरकार से सैन्य विस्तार की योजनाओं पर पुनर्विचार करने की मांग की गई।