बिहार के मोकामा से बाहुबली नेता अनंत सिंह शुक्रवार को पटना से करीब 400 किलोमीटर दूर एक भव्य काफिले के साथ यूपी के प्रयागराज पहुंचे. मौका था उनके बेहद करीबी मित्र पप्पू सलमान के बेटे एहराज के दावतएवलीमा का. इस यात्रा के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में हर कोई यही सवाल पूछ रहा है कि आखिर पप्पू सलमान कौन हैं, जिनके एक बुलावे पर अनंत सिंह सैकड़ों गाड़ियों का लावलश्कर लेकर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज पहुंच गए?

असली नाम और राजनीतिक पहचान
पप्पू सलमान का असली नाम सलमान अहमद है. प्रयागराज और स्थानीय स्तर पर लोग उन्हें ‘पप्पू मलावां’ के नाम से भी जानते हैं, लेकिन अनंत सिंह उन्हें ‘पप्पू सलमान’ ही बुलाते हैं. राजनीतिक पृष्ठभूमि की बात करें तो पप्पू सलमान उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी से इसके स्थापना काल से जुड़े हुए हैं.
वर्तमान में वह सपा के सांगठनिक ढांचे में गंगापार जिले के उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं. वह प्रयागराज के दिवंगत सपा विधायक जवाहर पंडित के भी बेहद करीबी रह चुके हैं, जिनकी पत्नी विजमा यादव वर्तमान में विधायक हैं.
‘घोड़ों के शौक’ से शुरू हुई 30 साल पुरानी यारी
दिलचस्प बात यह है कि अनंत सिंह और पप्पू सलमान की यह गहरी दोस्ती किसी राजनीतिक समीकरण के कारण नहीं, बल्कि घोड़ों को पालने और घुड़दौड़ के साझा शौक की वजह से शुरू हुई थी. इन दोनों की दोस्ती करीब तीन दशक पुरानी है. बताया जाता है कि आरा के एक साझा परिचित के माध्यम से घोड़ों की खरीदबिक्री और रेस के दौरान दोनों की पहली मुलाकात हुई थी. इसके बाद यह शौक गहरी दोस्ती में बदल गया.
लाखों के अरबी घोड़े
जहां एक तरफ मोकामा के अनंत सिंह के अस्तबल में हमेशा 8 से 9 शानदार घोड़े रहते हैं, वहीं प्रयागराज के पप्पू सलमान भी आलीशान घोड़ों के शौकीन हैं. उनके पास करीब 20 लाख रुपये की कीमत का बेहद खास रेसर घोड़ा है. दोनों अक्सर देश के अलगअलग हिस्सों में होने वाली घुड़दौड़ प्रतियोगिताओं में एक साथ हिस्सा लेते रहे हैं.
वलीमे में हुआ शाही स्वागत
जब अनंत सिंह का काफिला प्रयागराज के सूबेदारगंज स्थित खेलगांव में आयोजित रिसेप्शन पार्टी में पहुंचा, तो दोस्त पप्पू सलमान ने उनका शाही अंदाज में स्वागत किया. पप्पू सलमान ने मंच पर अनंत सिंह को चांदी का मुकुट पहनाया. इस मुलाकात के दौरान अनंत सिंह ने भी दोस्ती का फर्ज निभाते हुए पप्पू सलमान को अपनी बेटी शिवांगी की आगामी शादी का पहला निमंत्रण पत्र सौंपा. भले ही पप्पू सलमान ने खुद कभी कोई बड़ा चुनाव न लड़ा हो, लेकिन बिहार के दिग्गज नेता अनंत सिंह के साथ उनकी इस 30 साल पुरानी अटूट दोस्ती ने आज उन्हें पूरे देश की सुर्खियों में ला दिया है.