मेहमानों को भारतीय घरों में भगवान के समान माना जाता है और हर कोशिश की जाती है कि उन्हें अच्छा फील करवाया जाए. ये न सिर्फ घर आए इंसान की सम्मान करने का एक तरीका होता है, बल्कि रिश्तों को निभाने के लिए भी कुछ सलीके होते हैं जिनसे हमारा किसी करीबी के प्रति प्यार भी दिखाई देता है. हालांकि कई बार हम कुछ ऐसी चीजें कर देते हैं जो शायद जानबूझकर न की गई हो, लेकिन मेहमानों को खराब महसूस करवा सकती हैं. इससे आपके रिश्ते में भी दरार आ सकती है. इस आर्टिकल में जानेंगे कि कौन सी पांच चीजें मेहमानों के घर आने पर नहीं करनी चाहिए.

आपका व्यवहार ही ये बताता है कि सामने वाला अपने मन में किस तरह की छवि बनाएगा. हालांकि कोई आपकी इमेज कैसी बनाता है ये मायने नहीं रखता है बल्कि ये आवश्यक है कि आप अपने घर आए अतिथि का पूरे भाव से सम्मान करें और मेहमान नवाजी में कोई कमी न रखें. जान लेते हैं बेसिक चीजें जो मेहमानों के आने पर हमें ध्यान रखनी चाहिए या किन गलतियों से बचें.
पर्सनल लाइफ के अजीब सवाल न करें
मेहमान घर पर आए हैं तो उनको सही से बैठने के लिए कहना से लेकर खानेपीने के लिए पूछने तक जैसी बेसिक चीजों का ध्यान रखने के साथ ही हमें बातचीत करते वक्त भी सावधानी बरतनी चाहिए. खासकर किसी की जिंदगी से जुड़े अजीब सवाल न करें, जैसे अरे कब तक शादी करोगे, कपल है तो पूछना कि बेबी कब प्लान कर रहे हैं. आपकी बहू सही से तो रहती है न? अरे बेटा कितनी सैलरी मिलती है तुम्हें, कब लगेगी तुम्हारी नौकरी?
किसी के बारे में नेगेटिव बातें करना
आपके यहां मेहमान आए हैं तो उनका स्वागत करें. अच्छे से बातचीत करने के दौरान हालचाल लें, लेकिन दूसरों के बारे में नेगेटिव बातें बिल्कुल भी न करें. कई बार हो सकता है जिनकी आप बात कर रहे हैं वो आपके यहां आए इंसान के साथ गहराई से जुड़े हुए हो. ऐसे में उन्हें बुरा लग सकता है. अगर सिचुएशन ऐसी है कि आपके यहां आए मेहमान खुद ऐसा कुछ कहते हैं तो भी उसे टालना ही बेहतर रहता है.
Getty Images
तुरंत सफाईबर्तन लेकर न बैठें
मेहमानों के आने पर होस्ट का थोड़ा काम तो बढ़ ही जाता है. इसमें कोई दो राय नहीं है, लेकिन इसका मतलब ये कतई नहीं होता है कि आप बस काम में ही लगे रहें. ऐसे में मेहमान को अलगथलग फील हो सकता है और उसे लग सकता है कि जैसे वो बोझ है और आपका काम बढ़ा दिया है. अगर बर्तन हो गए हैं और घर थोड़ा फैल गया है तो बातें करते हुए हल्काफुल्का काम कर लें. इसके बाद फुर्सत से बाकी की चीजें निपटाना चाहिए.
मेहमान के सामने न दिखाएं निजी भावनाएं
परिवार में कई बार ऐसा भी हो जाता है कि हमारा आपसी झगड़ा हुआ है और उसी वक्त मेहमान आ जाते हैं. ऐसे में उन्हें अपनी निजी भावनाएं दिखाने से बचना चाहिए. कई लोगों की आदत होती है कि या तो वो घर का झगड़ा मेहमानों को बताने लगते हैं या फिर मुंह फुलाकर अपने कमरे में ही बैठे रहते हैं. इस तरह का व्यवहार घर आए इंसान को अपमानित कर सकता है और आपकी छवि भी खराब होती है.
बहस वाली चीजों पर बात न करें
हर इंसान के राजनीतिक, धार्मिक और फाइनेंशियल कंडीशन से जुड़े विचार अलग हो सकते हैं. आपके घर अगर कोई आ रहा है तो इन मुद्दों पर बात करने से बचना चाहिए. कई बार बहस बढ़ सकती है और ऐसे व्यवहारिक मुद्दे आपसी रिश्तों में दरार की वजह बन सकते हैं. बहस ज्यादा तीखी होने पर मेहमानों को असहज लग सकता है.